पेपर देने निकली थी, सड़क हादसे में चौराहे पर छात्रा की दर्दनाक मौत!

87

पेपर देने निकली थी, सड़क हादसे में चौराहे पर छात्रा की दर्दनाक मौत!

छतरपुर: छतरपुर जिले के नौगाँव में 10वीं का पेपर देने घर से निकली 15 वर्षीय छात्रा की नौगांव के ईसानगर चौराहे पर भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब ई-रिक्शा सड़क किनारे खड़ी बाइक से टकराकर पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई और जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

मऊ सहानिया की रहने वाली थी दीपा..

जानकारी के मुताबिक मऊसहानिया निवासी दीपा अहिरवार (15), पिता सोनू अहिरवार, ई-रिक्शा से नौगांव 10वीं का पेपर देने जा रही थी। जैसे ही ई-रिक्शा ईसानगर चौराहे पर पहुंचा, चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़ी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा पलट गया और दीपा गंभीर रूप से घायल हो गई।

अस्पताल में तोड़ा दम..

स्थानीय लोगों की मदद से छात्रा को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव लाया गया। यहां बीएमओ डॉ. रविंद्र पटेल ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था उसे मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया।

परिवार में मचा कोहराम..

परीक्षा देने निकली बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। चाचा सूरज अहिरवार ने बताया कि दीपा पढ़ाई में होनहार थी और पेपर को लेकर उत्साहित थी।

पुलिस जांच में जुटी..

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। ई-रिक्शा चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।