राजपुर में बड़ा बस हादसा: हाईवे से फिसलकर खेत में घुसी यात्री बस,14 घायल,CCTV में कैद हुआ एक्सीडेंट

38

राजपुर में बड़ा बस हादसा: हाईवे से फिसलकर खेत में घुसी यात्री बस,14 घायल,CCTV में कैद हुआ एक्सीडेंट

बड़वानी : मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के राजपुर में शुक्रवार को एक बड़ा यात्री बस हादसा सामने आया, जब खंडवा से बड़वानी जा रही एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे खेत में जा घुसी। इस हादसे में 14 यात्री घायल हो गए। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो घटना को स्पष्ट कर रहा है.

राजपुर थाना प्रभारी विक्रम सिंह बामनिया ने बताया कि खंडवा–वडोदरा हाईवे पर एक पेट्रोल पंप के पास यह दुर्घटना हुई। बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और सीधे खेत में जा घुसी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और पुलिस के साथ मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस जिस रफ्तार से नीचे उतरी, वह दृश्य बेहद भयावह था। थाना प्रभारी ने भी स्वीकार करते हुए कहा कि गनीमत रही कि बस सड़क और खेत के बीच लगे पेड़ से नहीं टकराई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

सभी 14 घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया गया। बीएमओ डॉ. देवेंद्र रोमड़े के अनुसार, कुछ यात्रियों में फ्रैक्चर की आशंका को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद 9 घायलों को जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया है। अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।

बस चालक मुकेश राठौर, निवासी भीकन गांव, ने बताया कि पुलिया से टर्न लेते समय बस के निचले हिस्से में जोरदार आवाज आई, जिसके बाद वाहन संतुलन खो बैठा और खेत में उतर गया।
एक अन्य यात्री आसाराम ने कहा कि वह जामनिया से बड़वानी जा रहा था । बस में इस दौरान करीब 35 लोग बैठे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर बस को जब्त कर लिया है।