
रतलाम में साहस, सतर्कता और समन्वय से टला बड़ा हादसा, टैंकर में लगी भीषण आग पर समय रहते पाया काबू
रतलाम : रतलाम जिले के थाना सैलाना क्षेत्र में डायल-112 जवानों एवं फायर ब्रिगेड की त्वरित, साहसिक और समन्वित कार्यवाही ने रिफाइंड तेल से भरे टैंकर में लगी भीषण आग पर समय रहते नियंत्रण पाकर एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। सरवन घाट जैसे संवेदनशील और दुर्गम क्षेत्र में घटित इस गंभीर घटना के दौरान डायल-112 टीम ने जिस सजगता, सूझबूझ और साहस का परिचय दिया, वह वास्तव में प्रशंसनीय है।
दिनांक 27 फरवरी राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम, डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना सैलाना क्षेत्र अंतर्गत सरवन एवं सैलाना के बीच घाट पर अहमदाबाद कड़ी से रिफाइंड तेल भरकर रतलाम की ओर जा रहे एक टैंकर में अचानक आग लग गई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सैलाना थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को मौके के लिए रवाना किया गया तथा फायर ब्रिगेड टीम को भी तत्काल सूचित किया गया।
डायल-112 स्टाफ उप निरीक्षक वीर सिंह देवड़ा, आरक्षक मुरली कटारिया एवं पायलट जीवन खराड़ी ने मौके पर पहुँचकर फायर टीम के साथ संयुक्त प्रयास करते हुए तत्परता से आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। पहाड़ी एवं घाट क्षेत्र में तेल से भरे टैंकर में आग लगना अत्यंत जोखिमपूर्ण था, लेकिन डायल-112 टीम की सूझबूझ और समन्वय से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
कुछ समय उपरांत पुनः टैंकर में आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही डायल-112 जवान आरक्षक पाटीदार एवं पायलट युसूफ शाह तत्काल मौके पर पहुंचे और फायर टीम की सहायता से दोबारा आग बुझाने की कार्यवाही की। इस दौरान एफआरव्ही वाहन में उपलब्ध टूलकिट की सहायता से टैंकर से तेल के सुरक्षित निकास हेतु रास्ता बनवाया गया, जिससे आग के फैलाव को प्रभावी रूप से रोका जा सका।
डायल-112 जवानों एवं फायर ब्रिगेड टीम की इस त्वरित, साहसिक और समन्वित कार्यवाही के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और समय रहते स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। मौके पर उपस्थित नागरिकों और राहगीरों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटे डायल-112 जवानों की तत्परता और साहस की प्रशंसा की।
डायल 112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह घटना यह संदेश देती है कि मध्यप्रदेश पुलिस हर आपात स्थिति में आमजन की सुरक्षा, जीवन रक्षा और जनधन संरक्षण के लिए पूरी सजगता, साहस और समर्पण के साथ तत्पर रहती है।





