मैडम जी को मालिश पसंद है ,स्कूल में बच्चियों से बेलन से करवाई मालिश

150

मैडम जी को मालिश पसंद है ,स्कूल में बच्चियों से बेलन से करवाई मालिश

                     फर्श पर लेटी प्रिंसिपल, छात्राएं दबाती रहीं पैर- वीडियो से मचा बवाल

चित्रकूट के नया बाजार कर्वी प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका मधु कुमारी राय को छात्राओं से मालिश कराने के आरोप में निलंबित किया गया है।परिषदीय विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्थाकी पोल खोलता एक वायरल वीडियो में शिक्षिका फर्श पर लेटी छात्राओं से हाथ-पैर और बेलन से मालिश कराती दिख रही हैं।

 बच्चियों से मालिश कराने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में खलबली मच गई है। नगर के प्राथमिक विद्यालय नया बाजार कर्वी की एक शिक्षिका का वीडियो इंटरनेट मीडिया में तेजी से प्रचलित हो रहा है। वीडियो में शिक्षिका फर्श पर लेटी हुई दिखाई दे रही है और छात्राएं कभी हाथ तो कभी पैर से उनके शरीर को दबाती नजर आ रही हैं। इतना ही नहीं, एक छात्रा रोटी बेलने वाले बेलन से भी उनकी मालिश करती दिखाई दे रही है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो स्कूल में पढ़ाई के समय का है। जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आया, लोगों ने इसे लेकर नाराजगी जताई और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।

मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने तुरंत संज्ञान लिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) बीके शर्मा ने बताया कि वीडियो की जांच में यह प्राथमिक विद्यालय नया बाजार कर्वी की शिक्षिका मधु कुमारी राय का पाया गया है।जांच में सामने आया कि वह शिक्षण कार्य के दौरान फर्श पर लेटकर छात्राओं से मालिश करा रही थीं।

इस आचरण को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी कर्वी को जांच सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षिका बीमार भी नहीं है। वीडियो में स्पष्ट है कि वह मालिश कराते हुए मोबाइल फोन भी चला रही है। लोग बता रहे हैं कि शिक्षिका प्रतिदिन ऐसा ही करती थी। कभी रसोइयां तो कभी बच्चियों से मालिश कराती थीं।