तकनीकी नवाचार जानने भोपाल आए ASP-DSP, पुलिसिंग में डिजिटल दखल बढ़ाने ट्रेनिंग

46

तकनीकी नवाचार जानने भोपाल आए ASP-DSP, पुलिसिंग में डिजिटल दखल बढ़ाने ट्रेनिंग

भोपाल. पुलिसिंग में डिजिटल दखल बढ़ाने के लिए जिलों से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं उपपुलिस अधीक्षक रैंक के अफसर भोपाल पहुंचे। यहां पर स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एससीआरबी) द्वारा पुलिस में तकनीकी नवाचार विषय पर आयोजित कार्यशाला में ये अफसर शामिल हुए।

कार्यशाला का उद्देश्य पुलिसिंग में आधुनिक तकनीकी प्रणालियों के उपयोग को बढ़ावा देना तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपराध अनुसंधान, नियंत्रण और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान को मजबूत करना है। इस दौरान लंबित अपराध, ई-रक्षा एप, क्राइम एनालिटिकल डेशबोर्ड, ई-विवेचना, ई-एफआईआर, जीरो ई एफआईआर, बीएएमएस, ई-समंस, फिंगर प्रिंट सिस्टम सहित विभिन्न तकनीकी प्रणालियों के उपयोग की जानकारी दी गई।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जयदीप प्रसाद ने आईसीऐएस (इंटर ऑप्रेबल क्राइंम जस्टिस सिस्टम) के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस, न्यायालय, जेल, अभियोजन, स्वास्थ्य एवं फॉरेंसिक विभागों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान से अपराध अनुसंधान अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनता है। उन्होंने अधिकारियों को आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग के साथ स्वयं को निरंतर अपडेट रखने के निर्देश दिए।

वहीं आईजी एससीआरबी हरिनारायणचारी मिश्र ने कहा कि आईसीजेएस सहित आधुनिक तकनीकी प्रणालियों के प्रभावी उपयोग से आपराधिक न्याय प्रणाली अधिक त्वरित और पारदर्शी बन रही है। उन्होंने अधिकारियों से जिलों में इन तकनीकी प्रणालियों के प्रभावी उपयोग एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।