
बड़वानी में ‘रीलबाज’ युवकों की गुंडागर्दी: हथियार लहराने के बाद ठेकेदार की कार पर पथराव, एक गिरफ्तार
बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के रेहगुन गांव में सोशल मीडिया पर हथियारों की नुमाइश करने वाले युवकों की गुंडागर्दी सामने आने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इंस्टाग्राम पर तलवार और चाकू लहराते हुए वीडियो वायरल होने के साथ ही इन युवकों द्वारा एक ठेकेदार की कार पर पथराव करने का मामला भी उजागर हुआ है। घटना के बाद पुलिस ने दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार,16 मार्च को तीन युवकों ने बड़वानी निवासी ठेकेदार दीपक जोशी को रेहगुन क्षेत्र में बीच सड़क पर रोक लिया। ठेकेदार अपनी कार से पानसेमल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान युवकों ने उनसे गाली-गलौज की और मामूली विवाद को लेकर उनकी कार पर पत्थर फेंककर नुकसान पहुंचाया।
यह पूरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ पुराने वीडियो भी तेजी से वायरल होने लगे, जिनमें रेहगुन, सजवानी और आसपास के आमलियापानी क्षेत्र के युवक खुलेआम तलवार और चाकू लहराते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो में युवक न सिर्फ हथियारों का प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि लोगों को धमकाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस अधीक्षक पदम् विलोचन शुक्ला ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह के नेतृत्व में करीब 20 पुलिसकर्मियों की टीम ने संबंधित युवकों के घरों पर दबिश दी।
इस कार्रवाई के दौरान सजवानी निवासी 19 वर्षीय आरोपी राजा उर्फ राजू पिता भूपेंद्र गोयल को हिरासत में लिया गया। हालांकि, अन्य आरोपी पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही क्षेत्र में पैदल मार्च कर पीए सिस्टम के माध्यम से ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर इस तरह की आक्रामक और भड़काऊ रील बनाने से बचें, अन्यथा कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





