
श्री हनुमंत जन्मोत्सव पर श्री तीन छत्री बालाजी धाम पर होगा पांच दिवसीय भव्य आयोजन
नवकुंडात्मक हनुमंत महायज्ञ के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे – महंत श्री रामकिशोरदास जी महाराज
मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट
मंदसौर। प्रतिवषार्नुसार इस वर्ष भी श्री हनुमंत जन्मोत्सव के पावन उपलक्ष्य में पंचदिवसीय श्री हनुमान महायज्ञ का आयोजन श्री तीन छत्री बालाजी धाम परिसर पर हो रहा है। कार्यक्रम की जानकारी आयोजन रूप रेखा शुक्रवार को श्री तीन छत्री बालाजी धाम परिसर खानपुरा पर दी गई। श्री महंत श्रीरामकिशोर दास जी महाराज(श्री तीन छत्री बालाजी धाम, मन्दसौर), यज्ञाचार्य पंडित विष्णु शर्मा (रठाना), ज्योतिर्विद पंडित श्री राघवेन्द्र रवीशराय गौड़ ने संयुक्त रूप से दी।

मीडिया से चर्चा में श्री महंत श्रीरामकिशोर दास महाराज ने श्री तीन छत्री बालाजी धाम की महता को बताते हुए कहा कि यह तीर्थ अत्यंत चमत्कारिक है। इस रामानंदाचार्य के बालाजी तीर्थ पर जो भी मनोकामना मांगी जाती है वह भगवान बालाजी पूर्ण करते है। यह सिद्ध स्थान है।
आयोजनों के बारे में जानकारी देते हुए महंत श्री राम किशोर दास जी महाराज ने बताया कि महाभारत के शांति पर्व की यज्ञ: सर्वस्य धारणम् यह सूक्ति कहती है की यज्ञ ही सभी विषयों को धारण करता हैं। हमारे जीवन में यज्ञ का अत्यधिक महत्व बताया गया सनातनी परम्परा में यज्ञ हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। इसलिए प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर श्री तीन छत्री बालाजी धाम, मन्दसौर पर पांच दिवसीय आयोजन किये जा रहे है। जो 29 मार्च से प्रारंभ होगे और 2 अप्रैल को इसका समापन होगा।
आयोजनों के अंतर्गत 29 मार्च रविवार को प्रात: कलश यात्रा निकाली जायेगी एवं पांच दिवसीय यज्ञ प्रारंभ होंगे। 30 मार्च, सोमवार को रात्री – 8 बजे से भव्य भजन संध्या होगी। 31 मार्च मंगलवार को रात्री – 8 बजे से सुन्दरकाण्ड का पाठ होगा।
1 अप्रैल को यज्ञ अनुष्ठान होगे वही यज्ञ पूणार्हुति 02 अप्रेल गुरुवार को होगी। पूर्णाहूति के अवसर पर महाप्रसादी/ झरा भण्डारा का आयोजन सायं से प्रभु ईच्छा तक रहेगा। इन कार्यक्रमों के अंतर्गत हनुमंत जन्मोत्सव पर ध्वजा यात्रा – दि. 2 गुरूवार, प्रात: 8 बजे, श्री बड़े बालाजी बस स्टेण्ड से प्रारंभ होगी जो विभिन्न मार्गो से होती हुई तीन छत्री बालाजी धाम पर पहुंचेगी।
यज्ञाचार्य पंडित विष्णु शर्मा (रठाना) ने बताया कि हमारे शास्त्रों में यज्ञों के विशेष महत्व का उल्लेख है। यज्ञ की आहूतियां हमारे जीवन की नकारात्मकता को खत्म कर सकारात्मकता मेंं परिवर्तित कर देती है। इसलिए प्रतिवर्षा नुसार इस वर्ष भी श्री तीन छत्री बालाजी धाम, मन्दसौर पर पांच दिवसीय नवकुण्डात्मक श्री हनुमंत महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है जिसमें प्रतिदिन 27 जोड़े यज्ञ शाला में बैठेंगे।
ज्योतिर्विद पंडित राघवेन्द्र रवीशराय गौड़ ने बताया कि यज्ञ सनातन वैदिक संस्कृति में सबसे श्रेष्ठ कर्म और प्रकृति से जुड़ने वाला माध्यम बताया है इस क्रम में लगातार पांचवीं बार नवकुंडात्मक श्री हनुमंत महायज्ञ आयोजित है।
श्री गौड़ ने बताया कि यज्ञ का बहुत महत्व है यज्ञ के माध्यम से हम लोग वैश्विक शांति की प्रार्थना परमेश्वर से करेंगे।
इस अवसर पर बालाजी भक्त मण्डल के अंकित माहेश्वरी विकास दशोरा बब्बू पमनानी एवं वरिष्ठ जन उपस्थित रहे।
श्री तीन छत्री बालाजी मंदिर के समस्त भक्त मण्डल, श्री तीन छत्री बालाजी व्यायामशाला, श्री तीन छत्री बालाजी हरिनाम संकीर्तन मण्डल, मंदसौर एवं आयोजनकर्ताओं ने नगर की सभी धर्मप्रेमी जनता से अपील की हैं कि यज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्मलाभ लेंवे, और जीवन को कृतार्थ करें।





