गोलीकांड के फरार आरोपियों पर ₹30000 का इनाम घोषित, मददगारों की तलाश शुरू

64

गोलीकांड के फरार आरोपियों पर ₹30000 का इनाम घोषित, मददगारों की तलाश शुरू

भोपाल: राजधानी के अशोका गार्डन में हिस्ट्रीशीटर बदमाश के घर फायरिंग करने वाले फरार दो आरोपियों पर पुलिस ने तीस हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। साथ ही पुलिस अब शादाब गेट के मददगारों को तलाश कर रही है। जिसने उसकी भोपाल से भागने में मदद की थी।

पुलिस ने शादाब और उसके भाई शाहजेब के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल निकाल ली है। पुलिस ने शाहजेब को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। जबकि शादाब गेट अभी भी पुलिस रिमांड पर है।

पुलिस के मुताबिक गोलीकांड में आरोपी अल्लू परवेज और अनस कुरैशी अभी भी फरार हैं, और पुलिस अधिकारियों ने दोनों पर तीस हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया है। जबकि पुलिस पहले आरोपी गुड्डू स्टेशन, शाहवर मौलाना समेत अन्य लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

कॉल डिटेल से मिले मददगारों के नाम

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शादाब गेट और उसका भाई शाहजेब गेट किन-किन लोगों के संपर्क में था। इसका खुलासा दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल से मिल गया है। बताया जाता है कि वह पहले बुरहानपुर में सरेंडर करने की तैयारी में था, लेकिन क्राइम ब्रांच की टीम के आने की भनक लगने से वह वहां से फरार हो गया। फरारी के दौरान उसकी मदद किसने की, इसको लेकर शादाब गेट से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।