
अंतर्राज्यीय संगठित गिरोह से जुड़े प्रकरणों की जांच के लिए एसआईटी गठित, ADG वर्मा नोडल अधिकारी नियुक्त
इंदौर: मध्यप्रदेश के अशोकनगर, इंदौर (शहर एवं देहात), खरगोन एवं भोपाल जिलों के थानों में दर्ज अंतर्राज्यीय संगठित आपराधिक प्रकरणों की प्रभावी जांच के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
एसआईटी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसटीएफ श्री श्रीनिवास वर्मा के पर्यवेक्षण में कार्य करेगी। एसआईटी का प्रभार पुलिस उप महानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक (रेल) भोपाल श्री राहुल कुमार लोढ़ा को दिया गया है।
एसआईटी में पुलिस अधीक्षक एसटीएफ भोपाल श्री राजेश सिंह भदौरिया, पुलिस अधीक्षक एसटीएफ इंदौर श्री नवीन कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक एटीएस मुख्यालय भोपाल श्री वैभव श्रीवास्तव, सहायक पुलिस महानिरीक्षक (रेडियो) श्री सुधीर कनोजिया, एसटीएफ मुख्यालय भोपाल के उप पुलिस अधीक्षक श्री सूर्यकांत अवस्थी, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती दिव्या सिंह राजावत, कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक श्री महेन्द्र सिंह चौहान एवं कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती योगिता साटनकर को सदस्य बनाया गया है।
एसआईटी संबंधित सभी प्रकरणों की केस डायरी तत्काल संबंधित जिलों से प्राप्त कर अग्रिम विवेचना प्रारंभ करेगी। एसआईटी मुख्यालय भोपाल में रहकर विवेचना करेगी। साथ ही आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसटीएफ द्वारा अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी एसआईटी में नामांकित किया जा सकेगा। संबंधित प्रकरणों के वर्तमान विवेचक भी एसआईटी के नामांकित सदस्य रहेंगे।





