
Kissa-A-IAS: Aditya Pandey: प्यार में मिला धोखा, IAS बन लिया इंतकाम!
सुरेश तिवारी
आपने फिल्मों में तो देखा होगा कि कैसे किसी लड़की के छोड़कर जाने के समय लड़का उससे एक वादा करता है और फिर उस वादे को पूरा भी करता है. लेकिन क्या आपने कभी रियल लाइफ में ऐसी स्टोरी सुनी है. अगर नहीं तो आज हम आपको एक ऐसे ही IAS अफसर की कहानी बताएंगे. जिन्होंने प्यार में मिले धोखे के बाद IAS बनने की ठानी और अपने तीसरे प्रयास में IAS अधिकारी बने।

हम बात कर रहे हैं पटना से ताल्लुक रखने वाले आदित्य पांडे की. उन्होंने UPSC एग्जाम में 48वीं रैंक प्राप्त कर अपने परिवार का नाम रोशन तो किया साथ ही जो बात उन्होंने ब्रेकअप के समय कही थी उसे भी पूरा किया.

आदित्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं. इंजीनियरिंग और एमबीए के बाद उन्होंने UPSC एग्जाम दी। दो बार असफल रहने के बाद तीसरे प्रयास में मिली सफलता।

IAS आदित्य पांडे तीन बहनों और एक भाई में सबसे छोटे हैं. पटना में शुरुआती पढ़ाई करने के बाद वह जामनगर चले गए. आदित्य ने कक्षा 8वीं और 9वीं में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन 10वीं में एक लड़की से प्यार के कारण उनका रिजल्ट खराब हो गया. इसलिए उनके पिता ने उन्हें वापस पटना भेज दिया.
12वीं पास करने के बाद आदित्य को अपने पिता की जिद की वजह से इंजीनियरिंग में दाखिला लेना पड़ा. हालांकि वह इंग्लिश ऑनर्स से पढ़ना चाहते थे. इंजीनियरिंग में उनका स्कोर अच्छा था. लेकिन बचपन की गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो जाने के कारण वे बहुत दुखी हो गए. उन्होंने उस लड़की से यह कहा कि वह एक दिन जरूर IAS बनेंगे. अपने सीनियर्स से उन्होंने यूपीएससी के बारे में थोड़ा-बहुत सुना था, लेकिन उन्हें इस परीक्षा के बारे में पूरी जानकारी नहीं थी.

आदित्य पांडेय ने एलपीयू, पंजाब से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. उनकी इंजीनियरिंग में बिल्कुल भी रुचि नहीं थी. इसलिए उन्होंने 2018 में आईआईटी रुड़की से एमबीए किया. फिर ICICI बैंक में नौकरी करके कॉरपोरेट क्षेत्र को समझा. 2019 में बैंक की नौकरी से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने जनवरी 2020 से यूपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू की थी।
आदित्य ने UPSC परीक्षा के 3 अटेंप्ट दिए थे. उनका ऑप्शनल विषय दर्शनशास्त्र थ। यूपीएससी रिजल्ट 2021 में वह सिर्फ 2.5 अंकों से फेल हो गए थे. उन्होंने अगले अटेंप्ट के लिए खूब मेहनत की और यूपीएससी रिजल्ट 2022 में 48वीं रैंक के साथ IAS अफसर बन गए.
एक समय आदित्य के शिक्षक ने उनके पिता से कहा था कि यदि ये लड़का पढ़ गया तो वह अपनी मूंछ मुंडवा लेंगे. UPSC एग्जाम में दो बार असफल होने के बाद आदित्य निराश हो गए. उनकी तैयारी काफी चुनौतीपूर्ण रही और परीक्षा पास करने में उन्हें अधिक समय लगा. उनकी लगातार असफलताओं ने उन्हें चिंतित कर दिया और आत्मविश्वास की कमी होने लगी.
आसपास के लोगों की नकारात्मक बातों ने भी उन्हें प्रभावित किया. आदित्य ने लोगों की बातों को नज़रअंदाज़ किया और बिना किसी बैकअप प्लान के पूरी मेहनत से तैयारी में जुट गए. इस बार उन्हें सफलता मिली और उन्होंने परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 48 हासिल की. आदित्य ने केवल यूपीएससी ऑप्शनल विषय के लिए कोचिंग का सहारा लिया था. बाकि उन्होंने सेल्फ स्टडी पर फोकस कर एग्जाम को क्रैक किया.
आदित्य पांडे झारखंड कैडर के 2023 बैच के IAS अधिकारी हैं, जो वर्तमान में झारखंड के हजारीबाग सदर में उप-मंडल अधिकारी (SDO) के पद पर तैनात हैं । इससे पहले, मसूरी में ट्रेनिंग पूरे करने के बाद, झारखंड कैडर आवंटित होने पर,उन्हें सबसे पहले रांची में सहायक मजिस्ट्रेट-सह-सहायक कलेक्टर नियुक्त किया गया।





