गले में घुसा सरिया लेकर 125 किमी दूर इंदौर पहुंचा युवक, दर्दनाक हादसे ने सबको चौंकाया  

45

गले में घुसा सरिया लेकर 125 किमी दूर इंदौर पहुंचा युवक, दर्दनाक हादसे ने सबको चौंकाया

 

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन शहर के आनंद नगर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला हादसा सामने आया, जिसमें एक युवक के गले में सरिया घुस गया। गंभीर हालत के बावजूद युवक को करीब 125 किलोमीटर दूर इंदौर ले जाया गया, जहां उसका सफल ऑपरेशन किया गया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आनंद नगर निवासी 30 वर्षीय सद्दाम पिता एहमद अपने एक साथी के साथ बाइक पर निर्माण कार्य के लिए सरिए लेकर जा रहा था। सद्दाम बाइक पर पीछे बैठा था और सरिए को कंधे पर टिकाकर पकड़े हुए था। इसी दौरान रास्ते में आए एक स्पीड ब्रेकर पर सामने चल रही स्कूल बस को साइड देने के प्रयास में बाइक असंतुलित हो गई।

 

अचानक लगे झटके से सरिए का मुड़ा हुआ सिरा सीधे सद्दाम के गले में जा घुसा। यह दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग सहम गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सरिए का एक हिस्सा काफी लंबा बाहर निकला हुआ था, जिसे स्थानीय लोगों ने बड़ी सावधानी से काटा, ताकि घायल को अस्पताल पहुंचाया जा सके।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की सूचना तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को दी गई, लेकिन एक घंटे तक भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। हालत गंभीर देखते हुए परिजन और स्थानीय लोगों ने निजी वाहन की व्यवस्था कर सद्दाम को जिला अस्पताल पहुंचाया।

 

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि गले में फंसा सरिया निकालना बेहद जोखिम भरा है, क्योंकि इससे श्वास नली या आहार नली को गंभीर नुकसान हो सकता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर कर दिया।

उसके रिश्तेदार जाबिर खान ने बताया कि इसके बाद सद्दाम को निजी एंबुलेंस के जरिए इंदौर के एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने सफल ऑपरेशन कर उसके गले में फंसे सरिए को बाहर निकाल दिया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।