Collector’s Orders Enquiry: सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान सर्जिकल नैपकिन छूटने के मामले की जांच के आदेश

180

Collector’s Orders Enquiry: सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान सर्जिकल नैपकिन छूटने के मामले की जांच के आदेश

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के भीकनगांव क्षेत्र की एक तीस वर्षीय महिला के सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान कथित रूप से सर्जिकल नैपकिन पेट में छूट जाने के मामले में जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।

जिला कलेक्टर भव्या मित्तल ने बताया कि इंदौर के उस निजी अस्पताल से, जहां महिला के पेट से नैपकिन निकाले जाने की जानकारी सामने आई है, संबंधित प्रकरण में लिखित दस्तावेज मांगे गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है, जिसे तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला अस्पताल खरगोन की सिविल सर्जन डॉ. राजकुमारी देवड़ा के अनुसार, भीकनगांव क्षेत्र के सेल्दा निवासी 30 वर्षीय मनीषा घोरमाड़े को 16 मार्च को प्रसव पीड़ा के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 17 मार्च को सिजेरियन ऑपरेशन के माध्यम से उसने एक बच्ची को जन्म दिया। 21 मार्च को जच्चा-बच्चा को स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी और इसके बाद वे पुनः अस्पताल नहीं आए। उन्होंने बताया कि निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत ऑपरेशन में उपयोग होने वाले सभी उपकरणों और सामग्री की गिनती ऑपरेशन से पहले और बाद में की जाती है।

डॉ. देवड़ा ने बताया कि इंदौर के एक निजी अस्पताल में महिला के पेट में सर्जिकल नैपकिन मिलने के मामले की तीन सदस्यीय चिकित्सकों की टीम से जांच कराई जा रही है।

IMG 20260405 WA0006

वहीं, महिला के पति विनोद ने बताया कि डिस्चार्ज के बाद उसकी पत्नी को पेट में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उसे खरगोन के एक निजी अस्पताल में दिखाया गया। वहां जांच में पेट में किसी वस्तु के होने की आशंका जताते हुए इंदौर रेफर किया गया। 30 मार्च को उसे इंदौर के एमटीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच के बाद एमवाय अस्पताल में ऑपरेशन की सलाह दी गई।

उन्होंने बताया कि पत्नी की हालत बिगड़ने पर उसे इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 31 मार्च को ऑपरेशन कर उसके पेट से सर्जिकल नैपकिन निकाली गई। इस दौरान निजी अस्पतालों में उपचार पर काफी खर्च भी हुआ।

इस बीच, शनिवार को जिला कलेक्टर भव्या मित्तल ने जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।