सिंहस्‍थ निर्माण कार्यों में तेजी देख ACS राजौरा ने मेला अधिकारी आशीष सिंह की पीठ थपथपाई 

अपर मुख्‍य सचिव ने शिप्रा नदी पर निर्माणाधीन घाट, ब्रिज निर्माण, मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया

283

सिंहस्‍थ निर्माण कार्यों में तेजी देख ACS राजौरा ने मेला अधिकारी आशीष सिंह की पीठ थपथपाई 

उज्जैन। अपर मुख्य सचिव श्री राजेश राजौरा और संभाग आयुक्त और मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने रविवार को सिंहस्‍थ 2028 के लिए प्रचलित विभिन्‍न निर्माण कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों की तेज प्रगति देखकर श्री राजौरा ने संभागायुक्त श्री सिंह और कलेक्‍टर श्री रौशन कुमार सिंह की पीठ थपथपाई।

श्री राजौरा ने निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्‍ता के साथ समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

अपर मुख्‍य सचिव श्री राजौरा ने सिंहस्‍थ कार्यों की समीक्षा बैठक के बाद सिंहस्‍थ के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। श्री राजौरा ने सबसे पहले श्री अंगारेश्वर मंदिर के समीप शिप्रा नदी पर बन रहे नवीन घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एडीजीपी श्री राकेश गुप्ता, डीआईजी श्री न‍वनीत भसीन एवं एसपी श्री प्रदीप शर्मा उपस्थित रहे । इसके बाद अपर मुख्य सचिव ने कार्तिक मेला ग्राउंड से नई खेड़ी सिंहस्थ बायपास निर्माणाधीन मार्ग 2.6 किलो मीटर लंबे फोरलेन मार्ग का निरीक्षण किया।

अपर मुख्य सचिव श्री राजौरा ने भूखी माता ब्रिज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन कार्य की गति, गुणवत्ता और सामग्री की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान सेतु निगम के ईई श्री पंत ने जानकारी दी कि ब्रिज का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूर्ण हो जाएगा ।

इसके साथ ही यूडीए सीईओ श्री संदीप सोनी ने जानकारी दी कि ब्रिज निर्माण के साथ ही कनेक्टिविटी रोड़ निर्माण का कार्य भी जनवरी 2027 तक पूर्ण हो जाएगा।

IMG 20260405 WA0137

अपर मुख्य सचिव श्री राजौरा ने कहा कि सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत वर्तमान में प्रचलित कार्य सही गति से चल रहे हैं। श्री राजौरा ने गेल चौराहे से शांति नगर के बीच सड़क चौडीकरण कार्य के निरीक्षण के दौरान कार्य की गति पर संतुष्टि जाहिर की। सिंहस्‍थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह को तेज गति से हो रहे निर्माण कार्य के लिए बधाई दी।

अपर मुख्‍य सचिव श्री राजौरा ने कहा कि निर्माणाधीन कार्यों में गति बनाए रखना है और कोशिश करना है कि सभी कार्य तय समय सीमा से पहले ही पूर्ण कर लें, जिससे यदि बाद में कोई समस्या आ रही है तो उसके लिए भी विकल्प और समय उपलब्ध रहे।

संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह ने मौके पर जानकारी दी कि सड़क चौड़ीकरण के साथ निर्माण कार्य भी तुरंत किए जा रहे है। साथ ही सड़क निर्माण के दौरान शहर के सभी प्रमुख चौराहों को भी व्‍यवस्थित किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्‍टर श्री रौशन कुमार सिंह, यूडीए सीईओ श्री संदीप सोनी, अपर आयुक्‍त नगर निगम श्री संतोष टेगौर और अन्‍य अधिकारी उपस्थित रहे।