
Weather Update: मई अंत में प्री मानसून के साथ ही मानसून की संभावना
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
Weather25.com संभावना बता रहा है कि मई के दूसरे सप्ताह में केरल से प्री मानसून की शुरुआत हो जाएगी जो तीसरे सप्ताह मुंबई में दस्तक देगा, जबकि मई के अंतिम सप्ताह से ही मानसून केरल से शुरू होकर कर्नाटक और यहां से जून प्रारंभ से मुंबई तक फैल जाएगा। अच्छी बारिश की संभावना जून, जुलाई, अगस्त और सितंबर तक बताई जा रही है। इस लिहाज से गर्मी अप्रैल के तीसरे सप्ताह से लेकर मई तीसरे सप्ताह तक महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश में 41 से 43 डिग्री पार तक आकर थम जाएगी। जबकि दिल्ली में गर्मी मई अधिकतम 44 और जून में 45 डिग्री तक रेकॉर्ड तोड़ सकती है। यहां मई जून में बीच बीच में वर्षा भी हो सकती है। राजस्थान के जयपुर में गर्मी जून के दूसरे सप्ताह तक है, बाद में बारिश से तापमान में गिरावट शुरू हो सकेगी।
आज उत्तर भारत आज दिन में शांत रहेगा,लेकिन लद्दाख के पहाड़ी इलाकों में बर्फ गिर सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के बादल रात से डेरा डालेंगे जबकि दोपहर से राजस्थान से गुजरेंगे। दिल्ली पंजाब, हरियाणा में अगले दो दिन बारिश की संभावना है, कश्मीर, हिमाचल में कल बादल, बिजली हवाओं का प्रकोप रहेगा, बुधवार से फिर बारिश का सिलसिला चलेगा।
मध्य प्रदेश में आज मध्य से लेकर पूर्व तक बादल फैले हुए हैं, ये बादल पश्चिम से आकर उत्तर – पूर्व की ओर रुख कर रहे हैं। वहीं कल से पश्चिमी विक्षोभ का खतरा फिर से शुरू होगा जो गुजरात से होकर मध्य प्रदेश से गुजरेगा। अगले दो से तीन दिन बादलों का पश्चिम से पूर्व की ओर जाने का सिलसिला चलेगा, कहीं-कहीं बारिश की संभावना रहेगी।
दक्षिण भारत में आज तमिलनाडु के पूर्वी भाग में बारिश की संभावना है दक्षिण महासागर से बादलों का बहाव उत्तर पूर्व की ओर चल रहा है।





