IAS तबादलों पर आज CM – CS की फाइनल चर्चा, आज लग सकती है मोहर! मंत्रालय से लेकर फील्ड के लगभग 50 अधिकारियों के नाम!

782
IAS Transfer List

IAS तबादलों पर आज CM – CS की फाइनल चर्चा, आज लग सकती है मोहर! मंत्रालय से लेकर फील्ड के लगभग 50 अधिकारियों के नाम!

भोपाल: मध्य प्रदेश में पिछले कई दिनों से चर्चा में चल रही IAS अधिकारियों की बहुप्रतीक्षित लिस्ट पर आज मोहर लगने की संभावना है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज दिन में मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के बीच इस विषय पर लंबी चर्चा होने वाली है। पता चला है कि लंबित सूची तो तैयार है और इस पर फाइनल डिस्कशन आज हो जाएगा। इसलिए माना जा सकता है कि आज रात या अब कभी भी आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची आ सकती है।

सूत्रों की बातों पर अगर भरोसा किया जाए तो इस सूची में मंत्रालय से लेकर फील्ड के लगभग 50 अधिकारियों के नाम आ सकते हैं। मंत्रालय की अगर बात करें तो माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष, पर्यावरण, स्कूल शिक्षा जैसे विभागों में नए चेहरे दिखाई दे सकते हैं। जिन विभागों में मंत्री की अधिकारियों से पटरी नहीं बैठ रही है, उनमें भी बदलाव की चर्चा है।

पता चला है कि तीन कमिश्नर और करीब 18 कलेक्टर इस सूची में प्रभावित हो सकते हैं।

भोपाल, ग्वालियर और शहडोल के कमिश्नर बदले जा सकते हैं।

कुछ जिला कलेक्टर के बदलाव तो निश्चित ही हैं और उसके कारण भी अलग हैं जैसे 2010 बैच के IAS अधिकारी भोपाल के कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह अब सुपर टाइम स्केल में आ चुके हैं और उनका तबादला तय है। कौशलेंद्र को मुख्यमंत्री के सचिव के साथ ही किसी महत्वपूर्ण विभाग का विभाग अध्यक्ष या किसी बड़े कॉरपोरेशन का एम डी बनाया जा सकता है।

इसके साथ-साथ बड़ी चर्चा है कि इंदौर के कलेक्टर का भी तबादला हो सकता है। इसके कई कारण बताया जा रहे हैं। प्रियंक मिश्रा का तबादला तो लगभग तय है और सरकार उन्हें धार भोजशाला जैसे संवेदनशील मुद्दे को लेकर किए गए बेहतर कार्य के लिए अच्छी पोस्टिंग भी देना चाहती है। प्रियंक मिश्रा के साथ ही, सागर के कलेक्टर संदीप जी आर और मंडला के कलेक्टर सोमेश मिश्रा का नाम भोपाल, इंदौर,रीवा के कलेक्टर पद के लिए भी चल रहा है। रीवा की कलेक्टर प्रतिभा पाल का तबादला भी तय माना जा रहा है। ग्वालियर के कलेक्टर 2011 बैच की रुचिका चौहान का नाम भी चर्चा में है।

इसके अलावा बैतूल कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, नर्मदापुरम की कलेक्टर सोनिया मीणा, शिवपुरी कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी, शहडोल कलेक्टर केदार सिंह,उमरिया कलेक्टर धरणेंद्र कुमार जैन, झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना,मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग, सीधी के कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, दमोह के कलेक्टर सुधीर कोचर, रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह और मैहर कलेक्टर रानी बाथड का नाम भी तबादला सूची में दिखाई दे सकता है। इनमें से कुछ कलेक्टर अन्य जिलों के कलेक्टर या निगम मंडल में एम डी बनाए जा सकते हैं और कुछ मंत्रालय में अपर या उपसचिव बनेंगे।