मंदिर की प्रतिमा से छेड़छाड़- अश्लील हरकत, आरोपी गिरफ्तार

232

मंदिर की प्रतिमा से छेड़छाड़- अश्लील हरकत, आरोपी गिरफ्तार

बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिला मुख्यालय से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित ग्राम सजवानी के आशापुरी मंदिर में प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को आज शाम गिरफ्तार कर लिया है।

बड़वानी कोतवाली थाना प्रभारी बीएस बिसेन ने बताया कि शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी बलराम चौहान को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 12 अप्रैल की शाम की है। मंदिर समिति के अध्यक्ष दिलीप रावत ने बताया कि उन्हें शाम करीब 7:30 बजे एक रिश्तेदार का फोन आया, जिसमें बताया गया कि भेरू बाबा की प्रतिमा पर बंधी पगड़ी और माला गायब है। इसके बाद मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई।

WhatsApp Image 2026 04 14 at 10.11.16 AM

फुटेज में एक युवक शाम करीब 5 बजे मोटरसाइकिल से मंदिर पहुंचता दिखाई देता है। वह पहले मंदिर में प्रवेश करता है, घंटियां बजाता है और फिर प्रतिमा के सामने आपत्तिजनक और अश्लील हरकतें करता है। आरोपी को मंदिर परिसर में अपने कपड़ों के साथ भी अभद्र तरीके से छेड़छाड़ करते हुए देखा गया।

सीसीटीवी फुटेज में यह भी दिखाई देता है कि आरोपी ने प्रतिमा पर बंधी सफेद कपड़े की पगड़ी उतारी और पास में रखे तीन रूमाल भी उठा लिए। उसने पगड़ी को गमछा बनाकर अपने सिर पर लपेट लिया। इसके बाद उसने इन वस्तुओं को अपनी मोटरसाइकिल के बॉक्स में रखा और मौके से फरार हो गया।

मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों की पहचान के आधार पर आरोपी की पहचान बलराम चौहान के रूप में हुई, जो सोंदुल गांव का निवासी है। बताया जा रहा है कि आरोपी का ससुराल सजवानी गांव में होने के कारण वह अक्सर वहां आता-जाता था।

घटना के बाद ग्रामीणों ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 298 और 299 के तहत प्रकरण दर्ज किया है, जो धार्मिक भावनाओं को आहत करने से संबंधित हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।