कुरकुरे ने ली 28 वर्षीय हेमंत की जान, खाते वक्त सांस की नली में फंसने से हुआ हादसा

46

कुरकुरे ने ली 28 वर्षीय हेमंत की जान, खाते वक्त सांस की नली में फंसने से हुआ हादसा

हिमाचल प्रदेश के सोलन निवासी 28 साल के हेमंत शर्मा की कुरकुरे ने जान ले ली। कसौली के होटल में कर्मचारी युवक हेमंत घर पर कुरकुरे खा रहे थे जो सांस की नली में फंस गया। उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों की भरसक कोशिश के बाद भी उन्हें नहीं बचाया जा सका.

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की उपमंडल के अंतर्गत आने वाली घनागुघाट पंचायत के ताल गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. यहां महज 28 वर्षीय हेमंत शर्मा की असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है. दरअसल, कुरकुरे खाते समय उसका एक टुकड़ा हेमंत की सांस की नली में फंस गया था, जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है.

पिता ने बताई पूरी कहानी

images 3 3

मृतक के पिता दीपराम शर्मा ने बताया कि उनका बेटा हेमंत शर्मा कसौली के एक निजी होटल में काम करता था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था. उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले हेमंत घर पर बैठकर कुरकुरे खा रहा था. इसी दौरान खाते समय कुरकुरे का एक टुकड़ा उसकी सांस की नली में फंस गया. दीपराम शर्मा ने बताया कि टुकड़ा फंसने के बाद हेमंत को सांस लेने में परेशानी होने लगी और उसकी घबराहट लगातार बढ़ती गई. परिवार ने बिना देर किए उसे उपचार के लिए एमएमयू सुल्तानपुर पहुंचाया.

परिजनों के अनुसार, एमएमयू सुल्तानपुर में चिकित्सकों ने हेमंत का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही. स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया. इसके बाद परिवार को उम्मीद थी कि हेमंत जल्द स्वस्थ होकर घर लौट आएगा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. दीपराम शर्मा ने बताया कि PGI चंडीगढ़ में डॉक्टरों ने हेमंत का इलाज शुरू किया और उसे बचाने के हर संभव प्रयास किए. हालांकि उसकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका. उपचार के दौरान बुधवार दोपहर हेमंत ने अंतिम सांस ली.

हमेंत की मौत के बाद गांव में पसरा मातम

हेमंत शर्मा के निधन की खबर जैसे ही ताल गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. परिवार का सहारा माने जाने वाले हेमंत की असमय मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया. स्थानीय लोगों और क्षेत्रवासियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं. वहीं यह घटना एक बार फिर सावधानी और सतर्कता की अहमियत को भी सामने लाती है कि कभी-कभी छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.