सड़क हादसे में पति-पत्नी घायल, 2 मासूमों को पुलिस ने संभाला—पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया

175

सड़क हादसे में पति-पत्नी घायल, 2 मासूमों को पुलिस ने संभाला—पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया

बड़वानी : मप्र के बड़वानी जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने राहगीरों को झकझोर कर रख दिया। सड़क पर बेहोश पड़े दंपति के दो बच्चे रोते बिलखते मिलने पर पुलिस के गश्ती दल ने तत्काल उन्हें संभाला और दंपति को अस्पताल पहुंचाया।

बड़वानी जिले के नागलवाड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस चौकी ओझर का दल ड्यूटी से लौट रहा था, तभी तलुन गांव से आगे बिलवा रोड पर एक मोटरसाइकिल और डंपर के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके दो छोटे बच्चे सड़क किनारे रोते-बिलखते मिले।

घटना का समय शाम करीब 7 से 7:15 बजे के बीच का बताया जा रहा है। मौके पर मौजूद पुलिस टीम में चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक शक्ति सिंह सिकरवार, प्रधान आरक्षक राहुल पाटिल, आरक्षक हेमंत, आरक्षक सुरेश और डीआरपी लाइन का चालक शामिल था। हादसे को देखते ही पुलिस दल बिना देर किए मौके पर रुका और तत्काल राहत कार्य शुरू किया।

घायलों की स्थिति गंभीर होने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने संयम और संवेदनशीलता का परिचय दिया। सबसे पहले दोनों बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और उन्हें ढांढस बंधाया गया। इसके बाद घायल दंपति को प्राथमिक उपचार देते हुए पुलिस वाहन से तेजी से बड़वानी स्थित मनोरमा हॉस्पिटल ले जाया गया। करीब 15 किलोमीटर का रास्ता सायरन और फ्लैश लाइट के साथ तय करते हुए उन्हें समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि यदि घायलों को समय पर उपचार नहीं मिलता, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता के कारण ही दोनों की जान बचाई जा सकी। फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज जारी है।

इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया, जहां वर्दी में मौजूद कर्मियों ने न केवल कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाई, बल्कि जरूरत के वक्त इंसानियत का फर्ज भी अदा किया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस टीम के इस कार्य की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया है।