
वायरल डांस ने मिला दी जोड़ी: 1300 किमी दूर मिला जीवनसाथी, बड़वानी के मुकेश की अनोखी शादी चर्चा में
बड़वानी : कहते हैं किस्मत कब और कैसे बदल जाए, कोई नहीं जानता। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के अंजड़ नगर में रहने वाले नगर परिषद के 35 वर्षीय कर्मचारी मुकेश कुशवाह की जिंदगी में भी ऐसा ही अनोखा मोड़ आया, जब सालों की तलाश एक वायरल डांस वीडियो ने कुछ ही सेकंड में पूरी कर दी।
करीब 17 वर्षों से नौकरी कर रहे मुकेश के लिए शादी करना आसान नहीं था। उनका कद (लगभग 3 फीट 9 इंच) अक्सर रिश्तों में बाधा बन जाता था। परिवार ने कई जगह प्रयास किए, लेकिन बात नहीं बन पाई।उनके पिता रामू कुशवाह का भी कद छोटा था और उनका निधन हो चुका है। परिवार में बड़े भाई राधू कुशवाह उनका सहारा हैं।
दो साल पहले एक शादी समारोह में मुकेश ने खुशी-खुशी डांस किया। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। हाल ही में यह वीडियो वायरल हुआ और इसी ने उनकी किस्मत बदल दी।

यह वीडियो उत्तर प्रदेश के बलरामपुर की 23 वर्षीय नेहा जाट तक पहुंचा, जिनकी लंबाई भी करीब 3 फीट 6 इंच है। वीडियो से प्रभावित होकर नेहा ने मुकेश से सोशल मीडिया पर संपर्क किया। बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ, जो जल्द ही दोस्ती और फिर प्यार में बदल गया।

नेहा कहती हैं, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे 1300 किलोमीटर दूर अपना जीवनसाथी मिलेगा।”
जब दोनों ने शादी का फैसला किया, तो नेहा का परिवार लंबा सफर तय कर अंजड़ पहुंचा। यहां उन्होंने मुकेश के परिवार और उनके कामकाज को करीब से समझा। सब कुछ संतोषजनक मिलने पर दोनों परिवारों ने इस रिश्ते को मंजूरी दे दी।
इसके बाद दोनों ने अयोध्या के विश्व प्रसिद्ध राम मंदिर में सादगीपूर्ण तरीके से विवाह कर लिया। शादी के बाद अंजड़ लौटने पर उन्होंने खाटू श्याम मंदिर में दर्शन किए, जहां स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुकेश ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे इतना अच्छा परिवार और मेरी उम्मीद से भी बेहतर जीवनसाथी मिलेगा।”
वहीं नेहा भी अब अपने नए घर-परिवार में घुलने-मिलने लगी हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें निमाड़ की पारंपरिक दाल-बाटी खासतौर पर पसंद आई।
मुकेश और नेहा की यह कहानी इस बात का उदाहरण है कि कभी-कभी एक छोटा सा पल जैसे कुछ सेकंड का डांस जिंदगी की सबसे बड़ी खुशियां लेकर आ सकता है।





