
फायरिंग और फिरौती के खेल में लॉरेंस गैंग के 20 गुर्गे गिरफ्तार, फायरिंग का वीडियो भी सामने आया
खरगोन :लॉरेंस गैंग ने जहां इंदौर में फिर से हलचल मचाई है, इसी बीच खरगोन में पुलिस ने बायो कॉटन व्यवसायी के घर फायरिंग और 10 करोड़ की फिरौती के मामले में 20 आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं। आरोपियों द्वारा की गयी फायरिंग का वीडियो भी सामने आया है। यह वीडियो फायरिंग के दौरान आरोपियों ने ही रिकॉर्ड किया था।
पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 को फरियादी सत्येंद्र राठौड़ ने थाना कसरावद में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके और उनके पिता दिलीप राठौड़ के व्हाट्सएप पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को “हैरी बॉक्सर” बताते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और उनके घर पर फायरिंग करने की जिम्मेदारी ली। आरोपी ने धमकी दी कि यदि 10 करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो अगली बार जान से मार देंगे और घर पर हथगोला फेंका जाएगा। साथ ही फायरिंग का वीडियो भी भेजा गया।
पुलिस ने पहले ही 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि हाल ही में दो और आरोपियों धार जिले के करौली निवासी सालिग्राम उर्फ संजय पाटीदार और उज्जैन के नागदा निवासी योगेश भाटी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने सालिग्राम के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत की ब्रेजा कार और मोबाइल फोन जब्त किया है, जबकि योगेश भाटी से भी मोबाइल फोन बरामद हुआ है। इस तरह हालिया कार्रवाई में लगभग 10.40 लाख रुपये का मशरुका जब्त किया गया है। इससे पहले की कार्रवाई में करीब 70 लाख रुपये का सामान जब्त किया जा चुका है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी न केवल षड्यंत्र में शामिल थे, बल्कि रेकी, संसाधन उपलब्ध कराने और गैंग से संपर्क स्थापित कराने जैसे अलग-अलग रोल में सक्रिय थे। गिरफ्तार आरोपी योगेश भाटी का आपराधिक रिकॉर्ड भी लंबा है और उसके खिलाफ दिल्ली स्पेशल सेल समेत विभिन्न राज्यों में गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। भाटी मध्य प्रदेश में लॉरेंस गेम के प्रमुख कर्ताधर्ता राजपाल का करीबी है।
इसी बीच 16-17 मार्च की दरमियानी रात दिलीप राठौर के घर फायरिंग किए जाने का वीडियो भी सामने आया है। आरोपियों ने उसके भीलगांव स्थित आलीशान मकान पर फायरिंग कर अपने मोबाइल से इसकी रिकॉर्डिंग की थी, और उसे सबूत के तौर पर भेजा था। 6 सेकंड के इस वीडियो में दो बार फायरिंग और पिस्टल दिखाई दे रही है।
इसी तरह का वीडियो कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के रेस्टॉरेंट पर फायरिंग का भी सामने आया था।
फरियादी दिलीप राठौड़ ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को लिखित शिकायतें दी हैं। उसका यह कहना है कि उनके द्वारा सूचित किए जाने के बावजूद मामले का मुख्य षड्यंत्रकर्ता को अभी भी आरोपी नहीं बनाया गया है । इसको लेकर खरगोन के पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा का स्पष्ट कहना है कि दो मुख्य षडयंत्रकर्ता गिरफ्त में आ चुके हैं, और विवेचना में अन्य किसी की भूमिका आती है तो उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।





