High Voltage Drama: बड़वाह में प्रेमी की सगाई से नाराज 15 वर्षीय किशोरी 150 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ी, 3 घंटे बाद सुरक्षित उतारी गई

26

High Voltage Drama: बड़वाह में प्रेमी की सगाई से नाराज 15 वर्षीय किशोरी 150 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ी, 3 घंटे बाद सुरक्षित उतारी गई

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह क्षेत्र के कठघडा में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 15 वर्षीय किशोरी कथित तौर पर अपने प्रेमी की दूसरी जगह सगाई होने से आहत होकर करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। करीब तीन घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस, प्रशासन और परिजनों की समझाइश से किशोरी को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना बड़वाह के नावघाट खेड़ी क्षेत्र के कठगढ़ा की है, जहां सुबह लगभग 8 बजे किशोरी अचानक गांव के पास स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। देखते ही देखते वह काफी ऊंचाई तक पहुंच गई। स्थानीय लोगों की नजर पड़ते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

बड़वाह के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सत्यनारायण दर्रो ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार, किशोरी एक युवक से प्रेम करती थी। हाल ही में उसे पता चला कि युवक की सगाई कहीं और तय हो गई है। इसी बात से आहत होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया। टॉवर पर चढ़ने के बाद वह युवक को मौके पर बुलाने और उसकी सगाई तुड़वाने की मांग पर अड़ गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस ने पहले समझाइश देकर उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं थी।

पुलिस ने रणनीति बनाते हुए उस युवक को भी मौके पर बुलाया, जिससे किशोरी नाराज थी। साथ ही, उसे भरोसा दिलाया गया कि उसकी समस्या का समाधान किया जाएगा। नीचे खड़े परिजन और ग्रामीण भी लगातार हाथ जोड़कर उससे नीचे आने की अपील करते रहे। इस बीच उसका जीजा वहां पहुंचा और उसने टावर कर्मचारियों की मदद से उसे नीचे उतारा।

करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार किशोरी पुलिस और युवक की बातों से आश्वस्त हुई और धीरे-धीरे टॉवर से नीचे उतर आई। लगभग 11 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा हुआ।

नीचे उतरने के बाद पुलिस ने किशोरी को अपने संरक्षण में लेकर थाने पहुंचाया। वहां उसे प्राथमिक उपचार के साथ काउंसलिंग दी गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किशोरी नाबालिग है, इसलिए उसकी मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए संवेदनशीलता के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है।