इंदौर में 12-13 जून को होगी ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की ऐतिहासिक बैठक

165

इंदौर में 12-13 जून को होगी ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की ऐतिहासिक बैठक

के के झा 

इंदौर: ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक जून में इंदौर में आयोजित होगी। भारत की BRICS अध्यक्षता के दौरान 12-13 जून 2026 को इंदौर इस वैश्विक कृषि सम्मेलन की मेजबानी करेगा, जिसमें 11 सदस्य देशों के कृषि मंत्री भाग लेंगे।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि इस वर्ष भारत BRICS की अध्यक्षता संभाल रहा है। BRICS देश विश्व की आधी से अधिक आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। इनके पास विश्व की लगभग 42 प्रतिशत कृषि भूमि है, 68 प्रतिशत किसान इन देशों में हैं और वैश्विक अनाज उत्पादन में इनका योगदान 45 प्रतिशत है।

श्री चौहान ने कहा, “आज हमने मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में तैयारी बैठक की। इंदौर इस कार्यक्रम की मेजबानी करेगा। दो दिनों तक कृषि संबंधी निरंतर चर्चाएं होंगी। यह बेहद महत्वपूर्ण बैठक है। कृषि और खेतीबाड़ी के बिना कुछ नहीं हो सकता। मुझे पूरा विश्वास है कि इंदौर इस कार्यक्रम को शानदार ढंग से आयोजित करेगा।”

बैठक से पहले 9 से 11 जून तक BRICS कृषि अधिकारियों की तीन दिवसीय बैठक भी प्रस्तावित है। ‘रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन और सस्टेनेबल डेवलपमेंट’ थीम पर केंद्रित इस बैठक में खाद्य सुरक्षा, सतत कृषि, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों, कृषि नवाचार और डिजिटल कृषि जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है।

इंदौर को अपनी व्यावसायिक राजधानी की पहचान, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और मध्य भारत के केंद्र में स्थित होने के कारण मेजबानी के लिए चुना गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह BRICS बैठक विश्व कृषि को नई दिशा देने वाली साबित होने वाली है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी मौजूद थे।