इंदौर में बंगाल विजय का बंगाली जश्न: रसगुल्ला-झाल मुरही से मनाया धमाकेदार जश्न

206

इंदौर में बंगाल विजय का बंगाली जश्न: रसगुल्ला-झाल मुरही से मनाया धमाकेदार जश्न

वरिष्ठ पत्रकार के के झा की रिपोर्ट

इंदौर: पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत और टीएमसी के 15 साल के शासन के अंत पर इंदौर में बंगाली उत्सव सा माहौल छा गया। भाजपा कार्यालय में रसगुल्ला, जलेबी जैसी पारंपरिक बंगाली मिठाइयां और स्वादिष्ट झाल मुरगी बांटकर कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने खुद कार्यकर्ताओं को मिठाई परोसते हुए कहा, “आज बंगाल में परिवर्तन का दिन है। यह ‘देपालपुर संयोग’ फिर काम कर गया।”

देपालपुर संयोग का आशय है — जब भी महापौर देपालपुर क्षेत्र में होते हैं, भाजपा को बड़ी जीत मिलती है। बिहार चुनाव के दिन भी वे देपालपुर में थे और अच्छे परिणाम आए थे। आज बंगाल चुनाव के दिन भी वे वहीं थे, इसलिए इस शुभ संयोग को लेकर कार्यकर्ता उत्साहित हैं।

महापौर ने आगे कहा, “हम बंगाली स्वाद के साथ इंदौर में इस ऐतिहासिक विजय का जश्न मना रहे हैं। भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।”
इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने कहा, “बंगाल में 15 साल तक चले जंगल राज का अंत हो गया है। जनता ने ममता बनर्जी और टीएमसी की तानाशाही को ठुकरा दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बंगाल अब विकास की राह पर चलेगा।”

WhatsApp Image 2026 05 04 at 3.01.33 PM 1

कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस मौके पर कहा, “बंगाल में बदलाव की लहर आई है। जनता ने ‘जय श्री राम’ और ‘जय मां काली’ के नारे के साथ भाजपा को आशीर्वाद दिया है। यह मोदी और शाह की दूरदर्शिता का परिणाम है। इंदौर के कार्यकर्ता बंगाल के भाइयों-बहनों के साथ इस खुशी को साझा कर रहे हैं।”
इंदौर शहर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया, “कार्यकर्ताओं में अपार उत्साह है। हमने बंगाली मिठाइयां और झाल मुरगी खासतौर पर मंगवाई है ताकि बंगाल की संस्कृति को भी यहां महसूस किया जा सके। पटाखे फोड़कर और ढोल-धमाकों के साथ जश्न जारी रहेगा।”

भाजपा कार्यालय में बड़ी स्क्रीन पर लाइव परिणाम देखते सैकड़ों कार्यकर्ता नारे लगा रहे हैं। राजवाड़ा क्षेत्र में भी आतिशबाजी और मिठाई बंटवाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इंदौर का यह जश्न बंगाल की जीत का प्रतीक बन गया है।