
पन्ना टाइगर रिजर्व में रेडियो कॉलर वाला 2 वर्षीय बाघ मृत,MP में जनवरी से अब तक 32 बाघों की मौत
गणेश पांडे की विशेष रिपोर्ट
भोपाल। मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में रेडियो कॉलर वाला दो वर्षीय बाघ मंगलवार को मृत पाया गया। बताया गया है कि उसकी मौत एक अन्य बाघ से क्षेत्रीय लड़ाई में लगी चोटों के कारण हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गश्ती दल को मंगलवार दोपहर लगभग 2:30 बजे दो बाघों के बीच लड़ाई की सूचना मिली। शव में खोपड़ी टूटी हुई थी और शरीर पर कई घाव थे।
वन अधिकारियों ने बताया कि बाघ अक्सर गांवों के आसपास घूमता था, इसलिए उसे रेडियो कॉलर पहनाया गया था।
*26 को किया गया था रेस्क्यू*
मृतक बाघ का 26 अप्रैल 26 को पन्ना टाइगर रिजर्व के परिक्षेत्र अमानगंज बफर के पास तारा ग्राम से रेस्क्यू किया गया था। रेस्क्यू उपरान्त बाघ को पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में स्वस्थ्य अवस्था में रेडियो कॉलर पहनाकर छोडा गया था। उक्त बाघ की हाथियों और वन कर्मियों द्वारा 24×7 निगरानी की जा रही थी।
चिकित्सक दल द्वारा पोस्टमार्टम के उपरान्त बताया गया कि उक्त बाघ के शरीर के विभिन्न अंगो में घाव के निशान हैं एवं कशेरुका की हड्डी, खोपड़ी की हड्डी (Vertebral bone, Skull bone) भी टूटी पायी गयी, जिससे यह प्रतीत होता है कि बाघ की मृत्यु प्रथम दृष्टया आपसी संघर्ष के कारण हुई होगी। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने पर मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
पोस्ट मार्टम के दौरान लिये गये समस्त सेम्पल सक्षम प्रयोगशालाओ में जांच के लिये भेज दिये गये है।क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाकर, हाथियो एवं वन कर्मियों द्वारा सघन गश्ती की जा रही है।
*जनवरी से अब तक 32 बाघों की मौत*
जनवरी 2026 से मध्य प्रदेश में 32 बाघों की मौत हो चुकी है। इनमें से सात की मौत शिकार से संबंधित घटनाओं के कारण हुई, जबकि बाकी की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई। पिछली बाघ जनगणना के अनुसार, राज्य में 785 बाघ हैं, जिनमें से 35% संरक्षित क्षेत्रों से बाहर हैं। शिकार से संबंधित सभी सात मौतें बिजली के झटके के कारण हुईं। इनमें से पांच बाघिनें 18 महीने से आठ साल की उम्र की थीं। ये मौतें पूर्वी मंडला, उत्तरी शाहडोल, पश्चिमी छिंदवाड़ा वन प्रभाग, उमरिया और दक्षिणी सिवनी वन क्षेत्र में हुईं।





