
Fire Safety Audit Drive : रतलाम में अधिकारियों ने किया होटल समता सागर का निरीक्षण, कमियां-खामियां पर निर्देश!
होटल मेनेजमेंट को अपर्याप्त सुविधाओं को शीघ्र दुरुस्त करने के दिए निर्देश!
Ratlam : ग्रीष्म ऋतु एवं बढ़ते तापमान को देखते हुए अग्निदुर्घटनाओं की संभावनाओं में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के आदेशानुसार जिले के विभिन्न अनुभागों में अग्नि सुरक्षा के मद्देनजर अनुविभाग स्तर पर फायर सेफ्टी ऑडिट दल गठित किया गया है एवं ऑडिट कार्य 1 मई से प्रारंभ किया गया है।
इसी क्रम में 7 मई को प्रातः जिला प्रशासन के संयुक्त दल ने महू- नीमच रोड़ स्थित होटल समता सागर में लगे अग्निशामक यंत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में होमगार्ड विभाग, फायर विभाग, पीडब्ल्यूडी विभाग एवं एमपीईबी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि होटल में कुल 63 कमरे हैं, जबकि फायर इक्विपमेंट के रूप में केवल 6 नग एबीसी फायर एक्सटिंग्विशर एवं 2 नग CO2 फायर एक्सटिंग्विशर उपलब्ध हैं। टीम द्वारा होटल प्रबंधन को तत्काल आवश्यक संख्या में अग्निशमन उपकरण बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान हाईड्रेंट लाइन बंद पाई गई तथा अलार्म सिस्टम भी कार्यरत नहीं मिला। फायर ऑडिट टीम ने इन व्यवस्थाओं को अविलंब दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी!
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के निरीक्षण निरंतर जारी रहेंगे।





