MP News: शादी की खुशियों में चली गोली: मचा हड़कंप, बारात में बुजुर्ग घायल, हालत गंभीर

219

MP News: शादी की खुशियों में चली गोली: मचा हड़कंप, बारात में बुजुर्ग घायल, हालत गंभीर

छतरपुर: छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गंज स्थित एक निजी मैरिज गार्डन में शादी समारोह के दौरान अचानक चली गोली से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। बारात में शामिल एक बुजुर्ग को गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोली चलाने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम कड़वा से पटेल परिवार की बारात गंज स्थित मैरिज गार्डन में आई हुई थी। शादी की रस्में पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ चल रही थीं। बाराती और मेहमान जश्न में डूबे हुए थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज से पूरा परिसर दहल उठा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक बारात में शामिल बुजुर्ग दरबारी पटेल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना के बाद मौके पर भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। परिजन और अन्य लोग घायल को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के मुताबिक बुजुर्ग की हालत गंभीर बनी हुई थी, जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही बमीठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ ही अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज किए।

बमीठा थाना प्रभारी बाल्मीकी चौबे ने बताया कि शादी समारोह में गोली चलाने वाले युवक नीरज सेन को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के कब्जे से हथियार भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं घटना के बाद मैरिज गार्डन में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि गोली किस परिस्थिति में चली। शादी समारोह में हुई इस घटना ने एक बार फिर आयोजनों में हथियारों के प्रदर्शन और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।