
नहाने का कहकर निकलीं 5 बहनें, गुजरात भागने की थी तैयारी! जंगल में मिलीं मासूम बच्चियां
बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में पांच चचेरी बहनों के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया। परिवार ने जब काफी तलाश के बाद भी बच्चियों का कोई सुराग नहीं पाया तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने रातभर जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाकर पांचों बहनों को सकुशल बरामद कर लिया।
मामला पाटी थाना क्षेत्र का है। थाना प्रभारी रामदास यादव ने बताया कि नौ से 18 वर्ष उम्र की पांच चचेरी बहनें शुक्रवार दोपहर घर से “नहाने जाने का कहकर निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। शनिवार को परिजनों ने पाटी पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला के निर्देश पर पांच अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गईं। जंगलों और संभावित रास्तों पर लगातार सर्च अभियान चलाया गया। आखिरकार शनिवार रात पुलिस ने पांचों बहनों को जंगल क्षेत्र से खोज निकाला।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक सबसे बड़ी बहन की उम्र 18 साल 4 माह है और उसकी एक बहन पहले से गुजरात में मजदूरी करती है। उसी के कहने पर सभी बहनें गुजरात जाने के लिए घर से निकली थीं। परिवार वालों ने उन्हें बाहर जाने से मना किया था, इसलिए वे बिना बताए भाग गईं। इनमें से कुछ बच्चियों पूर्व में भी गुजरात में मजदूरी कर चुकी थी.
पुलिस के अनुसार पांचों बहनें पैदल काफी दूर तक चलीं और रात जंगल में बिताई। अगले दिन वे पाटी पहुंचीं, लेकिन बस नहीं मिलने पर बोकराटा की ओर निकल गईं और फिर दोबारा जंगल में भटकती रहीं।
रविवार को पुलिस ने पांचों बच्चियों के बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज करवाए और बाद में उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया।





