
बरेली के नन्हे मियां आंधी में 50 फीट ऊपर उड़ गए,गिरे 80 फीट दूर!
बरेली से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया, जिसमें तेज आंधी के दौरान व्यक्ति हवा में उड़ता दिखाई दे रहा है. इस हादसे के बाद व्यक्ति को गंभीर रूप से चोटें भी आई हैं.
बरेली जिले में बुधवाई को आई तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई। भमोरा इलाके में नन्हे अंसारी नामक व्यक्ति टिनशेड के साथ करीब 50 फीट ऊंचाई तक हवा में उड़ गए। वह मक्का के खेत में गिरे, जिससे उनके एक हाथ में फ्रैक्चर हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बबियाना गांव निवासी नन्हे अंसारी ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि वह गांव के बरातघर में टेंट का सामान लेकर गए थे। इसी दौरान आंधी चलने लगी, जिससे बरातघर का टिनशेड उखड़ने लगा। उन्होंने चार-पांच अन्य लोगों के साथ टिनशेड को रोकने का प्रयास किया।
नन्हे के हाथ में फंसी थी रस्सी
नन्हे अंसारी ने बताया कि उन्हें हवा की इतनी तीव्रता का अंदाजा नहीं था। उन्होंने कहा कि वह खुद इस घटना से हैरान हैं। वह टिनशेड को रोकने के लिए रस्सी से हाथ में फंदा बनाकर खींच रहे थे। इसी दौरान वह टिनशेड के साथ हवा में ऊपर उठ गए। उनके अनुसार, वह करीब 50 फीट ऊपर पहुंच गए थे।





