CG Weather Report: आज बारिश और अंधड़ के आसार, तो 16 मई से लू और भीषण गर्मी

73

CG Weather Report: आज बारिश और अंधड़ के आसार, तो 16 मई से लू और भीषण गर्मी

 

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम इन दिनों अजीब लुका-छिपी खेल रहा है। गुरुवार को हुई हल्की बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को सुकून तो दिया, लेकिन यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है।

मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि प्रदेश में जल्द ही भीषण गर्मी की वापसी होने वाली है। एक तरफ जहां आसमान में बादल छाए हैं, वहीं दूसरी तरफ पारा बढ़ने की तैयारी में है।

पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के तापमान में कोई बहुत बड़ा फेरबदल नहीं हुआ है। दुर्ग जिला इस समय सबसे गर्म रहा, जहाँ पारा 42.5 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। वहीं, बस्तर के जगदलपुर में मौसम थोड़ा मेहरबान है, यहाँ न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर की बात करें तो यहाँ का अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा ही कम है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश से लेकर मणिपुर तक एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) बनी हुई है। यह सिस्टम पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार से होकर गुजर रहा है। इसी के असर से बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है, जिससे कहीं-कहीं गरज-चमक की स्थिति बनी हुई है।

भले ही गर्मी बढ़ने वाली है, लेकिन स्थानीय सिस्टम के चलते आज यानी 15 मई को रायपुर समेत कई जिलों में मौसम बदल सकता है। शाम के वक्त तेज अंधड़ (40-50 किमी/घंटा की रफ्तार) के साथ हल्की बारिश हो सकती है। विभाग ने ‘वज्रपात’ यानी बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की है, इसलिए खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।