नारकोटिक्स एवं मादक द्रव्य नियंत्रण हेतु सभी विभाग संयुक्त एवं प्रभावी कार्रवाई करें : कलेक्टर श्रीमती गर्ग

140

नारकोटिक्स एवं मादक द्रव्य नियंत्रण हेतु सभी विभाग संयुक्त एवं प्रभावी कार्रवाई करें : कलेक्टर श्रीमती गर्ग

तीन फार्मासिस्ट दुकानों के लाइसेंस सस्पेंड, 6 को नोटिस जारी

मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट

मंदसौर/ जिले में नारकोटिक्स एवं अन्य नशीली दवाओं की रोकथाम, नियंत्रण तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन स्थित सभागार में महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार शाम आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री तेर सिंह बघेल जिला अफीम अधिकारी, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, कृषि, परिवहन, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ गोविन्द सिंह चौहान , आबकारी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

WhatsApp Image 2026 05 15 at 16.24.46

बैठक में कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि जिले में फार्मासिस्ट एवं केमिस्ट दुकानों की नियमित जांच करते हुए लगातार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि जिले में लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं, जिसके तहत 6 मेडिकल दुकानों को नोटिस जारी किए गए हैं तथा 3 दुकानों के लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं।

कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि नारकोटिक्स के विरुद्ध कार्रवाई में आपसी समन्वय अत्यंत आवश्यक है। सभी विभाग संयुक्त रूप से कार्य करें तथा सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करें। उन्होंने अंतरराज्यीय बसों में विशेष सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

बैठक में शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि स्कूलों एवं महाविद्यालयों में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं। साथ ही विद्यार्थियों एवं आमजन को एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों तथा मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाए।