
पंजीयन पर विराम और जारी नहीं हुई बीएड कालेजों की सूची
उच्च शिक्षा विभाग पहुंच विद्यार्थी सुना रहे अपनी पीड़ा
भोपाल : उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेशभर के कॉलेजों में संचालित राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) से मान्यता प्राप्त बीएड सहित अन्य कोर्सेस में प्रवेश लेने से रजिस्ट्रेशन पर विराम लग गया है। एनसीटीई कोर्स में प्रवेश लेने के लिए करीब 40 हजार विद्यार्थियों ने पंजीयन कराए हैं। इसमें से करीब 24 हजार का सत्यापन भी हो चुका है। शेष विद्यार्थियों के पास सत्यापन कराने के लिए सिर्फ आज का दिन शेष है। चौकाने वाली बात यह है कि दस दिन से पंजीयन शुरु हो चुके हैं। ओएसडी तुलसीराम दहायत एनसीटीई कोर्स एमएड, बीपीएड, एमपीएड, बीएडएमएड (एकीकृत तीन वर्षीय), आईटीईपी, बीएलएड. और बीएड (अंशकालीन तीन वर्षीय) के आगामी सत्र 2026-27 में प्रवेश देने के लिए कालेजों की सूची विश्वविद्यालय बार पोर्टल पर अपलोड नहीं कर सके हैं। इससे यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि प्रदेश में कितने कालेज और उनकी कितीन सीटों पर प्रवेश होंगे। जबकि दो से 14 मई तक चले पंजीयन और सत्यापन के बाद विभाग को एक भी सीट पर च्वाइस फिलिंग नहीं मिली है। प्रदेश भर के विद्यार्थी विभाग पहुंचकर कालेजों की सूची को अपलोड करने को कह रहे हैं, जिसका ओएसडी तुलसीराम दहायत के पास कोई जवाब नहीं है। गत वर्ष में ओएसडी दहायत की लापरवाही के कारण काफी विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। यहां तक उन्हें प्रवेश से वंचित रहना पड़ा था।
18 को जारी होना है मेरिट
विभाग को 18 मई को सत्यापति विद्यार्थियों को मेरिट सूची जारी कर 20 मई को सीटों का आवंटन करना है। विभाग ने अभी कालेजों की सूची ही जारी नहीं की है। इससे कालेजों के आवंटन होना मुश्किल दिखाई दे रहा है। विभाग सूची जारी कर देता है, तो अभ्यर्थियों को 20 से 25 मई के बीच निर्धारित हेल्प सेंटर पर जाकर मूलं दस्तावेज, टीसी और माइग्रेशन के साथ भौतिक सत्यापन कराना होगा। प्रवेश प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण चरण शुल्क भुगतान रहेगा, जो 20 से 26 मई तक निर्धारित किया गया है।




