
डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल के 4 सीनियर डॉक्टर्स पर की कार्यवाही – 50 – 50 हजार रुपए जुर्माना और वेतन वृद्धि रोकने का आदेश
मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट
मन्दसौर । इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय मंदसौर के 4 सीनियर डॉक्टरों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 50-50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया ओर दो – दो वेतन वृद्धि को रोकने का आदेश जारी किया है । लोक कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आदेश में चिकित्सकों के कृत्य को कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही ओर प्रोफेशनल कदाचार माना गया है और सज़ा दी है ।
प्राप्त जानकारी अनुसार फरवरी 2024 में गर्भवती महिला के
सिजेरियन डिलीवरी के दौरान नवजात को गुप्तांग में कट लगने और ऑपरेशन में लापरवाही के मामले में कार्रवाई हुई। इसकी शिकायत सीतामऊ क्षेत्र के दशरथ पुरोहित ने विभिन्न संस्थाओं को की थी । यह मामला राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग , मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग भोपाल के संज्ञान में भी आया था और कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे ।
इस अवसर में विभाग ने जांच कराई और अब डॉक्टर संगीता पाटीदार, डॉक्टर रजत पाटीदार, डॉक्टर मीना वर्मा और डॉक्टर सिद्धार्थ शिंदे पर जुर्माने के साथ वेतनवृद्धि रोकने के आदेश जारी किए हैं ।
बाल संरक्षण आयोग , मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग द्वारा मामला संज्ञान में लेने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने 2 साल पुराने मामले में कार्रवाई की।





