बड़वानी में “मिशन 3D” का असर: दहेज, दारू और डीजे मुक्त शादियों से बदल रही सामाजिक सोच

72

बड़वानी में “मिशन 3D” का असर: दहेज, दारू और डीजे मुक्त शादियों से बदल रही सामाजिक सोच

SP पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा शुरू “मिशन 3D” अब सामाजिक बदलाव की प्रभावी मुहिम बना

बड़वानी : बड़वानी जिले में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा शुरू किया गया “मिशन 3D” अब सामाजिक बदलाव की प्रभावी मुहिम बनता जा रहा है। दहेज, दारू और डीजे मुक्त विवाह को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान का असर अब जनजातीय और ग्रामीण अंचलों तक दिखाई देने लगा है। जिले के ग्राम जुनापानी और ग्राम काजलमाता में हाल ही में संपन्न हुए सादगीपूर्ण विवाह इसकी बड़ी मिसाल बनकर सामने आए हैं।

थाना वरला क्षेत्र के ग्राम जुनापानी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता रामा नरगावे ने अपने पुत्र कृष्णा नरगावे तथा पुत्रियों रंजिता नरगावे और दिना नरगावे का विवाह “मिशन 3D” के सिद्धांतों के अनुरूप संपन्न कराया। विवाह समारोह में दहेज प्रथा का पूरी तरह त्याग किया गया, किसी प्रकार के नशे का उपयोग नहीं हुआ और डीजे का इस्तेमाल भी नहीं किया गया। परिवार ने सादगी और पारंपरिक संस्कृति को प्राथमिकता देते हुए समाज को सकारात्मक संदेश दिया।

WhatsApp Image 2026 05 18 at 19.19.59

इस पहल से प्रभावित होकर पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल स्वयं विवाह समारोह में पहुंचे। उनके साथ एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे, थाना प्रभारी वरला नारायण रावल तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान परिवार का सार्वजनिक रूप से सम्मान किया गया।

वहीं थाना सिलावद क्षेत्र के ग्राम काजलमाता में निवासी सखाराम किराड़े ने अपनी पुत्री प्रमिला का विवाह भी बिना दहेज, बिना डीजे और बिना दारू के संपन्न कराया। कुछ दिन पूर्व आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम से प्रेरित होकर उन्होंने यह संकल्प लिया था, जिसे उन्होंने पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया। विवाह समारोह में डीएसपी महेश सुनैया, डीएसपी निलेश्वरी डावर, थाना प्रभारी सिलावद रामकृष्ण लौवंशी सहित पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर नवदंपति को शुभकामनाएं दीं और परिवार को सम्मानित किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने पारंपरिक मादल वादकों का सम्मान कर लोक संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया तथा नवदंपति को हेलमेट भेंट किए।

दोनों आयोजनों में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि “मिशन 3D केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का आंदोलन है। सादगीपूर्ण विवाह हमारी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को मजबूत बनाते हैं।” बड़वानी पुलिस को उम्मीद है कि ऐसे प्रयास समाज में नई जागरूकता पैदा करेंगे और आने वाले समय में अधिक लोग कुरीतिमुक्त विवाह अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।