उज्जैन संभाग ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर लक्ष्य से 115 प्रतिशत अधिक धनराशि जुटाई, राज्यपाल द्वारा संभागायुक्त आशीष सिंह सम्मानित

49

उज्जैन संभाग ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर लक्ष्य से 115 प्रतिशत अधिक धनराशि जुटाई, राज्यपाल द्वारा संभागायुक्त आशीष सिंह सम्मानित

उज्जैन: जिला सैनिक कल्याण कार्यालय ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस (2024-25) में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए लक्ष्य से कहीं अधिक धनराशि एकत्रित की है। उल्‍लेखनीय है की संभाग ने ₹45,78,700/- के लक्ष्य के विरुद्ध ₹52,49,626/- की धनराशि जुटाई, जो लक्ष्य का 115 प्रतिशत है।

उज्जैन संभाग के सभी सातों जिलों ने लक्ष्य से अधिक योगदान देकर पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं तथा उनके आश्रितों के कल्याण के लिए सराहनीय कार्य किया। यह राशि मध्यप्रदेश शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न सैनिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से उपयोग में ली जाएगी।

विगत 21 अप्रैल को राजभवन, भोपाल में राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल की उपस्थिति में आयोजित विशेष सम्मान समारोह में संभागायुक्त श्री आशीष सिंह को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया गया था। संभागायुक्‍त श्री सिंह की ओर से जिला सैनिक कल्‍याण अधिकारी द्वारा यह पुरस्‍‍कार प्राप्‍त किया गया था।

आज सोमवार को संभागायुक्त श्री सिंह को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के कमांडर नगेश चंद्र मालवीय (सेवानिवृत्त) ने यह प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न सौंपा। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने संभाग के समस्त दानदाताओं, अधिकारियों एवं संभागायुक्त के प्रति हार्दिक आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की है।