BRICS 2026 की गूंज इंदौर में: युवा उद्यमिता, नवाचार और ग्लोबल सहयोग का महाकुंभ शुरू

19

BRICS 2026 की गूंज इंदौर में: युवा उद्यमिता, नवाचार और ग्लोबल सहयोग का महाकुंभ शुरू

वरिष्ठ पत्रकार के के झा की रिपोर्ट

इंदौर। भारत की BRICS 2026 अध्यक्षता के तहत इंदौर आज वैश्विक युवा उद्यमिता और नवाचार का केंद्र बन गया। दो दिवसीय BRICS यूथ एंटरप्रेन्योरशिप वर्किंग ग्रुप मीटिंग के उद्घाटन के साथ ही स्टार्टअप, डिजिटल इकोनॉमी, ग्रीन एंटरप्रेन्योरशिप और युवा नेतृत्व वाली आर्थिक वृद्धि पर अंतरराष्ट्रीय विमर्श का आगाज हुआ। इस महत्वपूर्ण आयोजन ने इंदौर को वैश्विक नीति-निर्माण और युवा नवाचार के मंच पर नई पहचान दिलाई है।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि युवा केवल विकास के लाभार्थी नहीं, बल्कि राष्ट्र-निर्माण और नवाचार के वास्तविक वास्तुकार हैं। उन्होंने कहा कि भारत का युवा आज दुनिया को नए विचार, तकनीक और उद्यमिता की दिशा दे रहा है।

केंद्रीय युवा मामलों एवं खेल राज्यमंत्री रक्षा खडसे ने बैठक का उद्घाटन करते हुए BRICS देशों के बीच स्टार्टअप सहयोग और युवा उद्यमियों के लिए मजबूत वैश्विक नेटवर्क तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि BRICS मंच युवाओं को सीमाओं से परे जाकर अवसरों और नवाचार से जोड़ने का माध्यम बन रहा है।

बैठक में BRICS सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने स्टार्टअप इकोसिस्टम, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, सस्टेनेबल बिजनेस मॉडल, ग्रीन एंटरप्रेन्योरशिप और युवा नेतृत्व आधारित आर्थिक विकास जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की। पहले दिन युवा नवप्रवर्तकों, नीति-निर्माताओं और स्टार्टअप लीडर्स के बीच सक्रिय नेटवर्किंग और विचार-विमर्श देखने को मिला।

युवा मामलों की सचिव डॉ पल्लवी जैन गोविल और अतिरिक्त सचिव नितेश कुमार मिश्रा समेत BRICS देशों के वरिष्ठ प्रतिनिधि, स्टार्टअप विशेषज्ञ और नीति-निर्माता इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुए।

दुनिया की लगभग आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाला BRICS समूह आज वैश्विक आर्थिक और रणनीतिक सहयोग का बड़ा मंच बन चुका है। ऐसे में इंदौर में आयोजित यह बैठक केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवा शक्ति, नवाचार और भविष्य की वैश्विक अर्थव्यवस्था को दिशा देने वाला अहम कदम माना जा रहा है।

कल होने वाले समापन सत्र में ठोस सिफारिशें और भविष्य की कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जो BRICS देशों के बीच युवा उद्यमिता सहयोग को नई गति दे सकती हैं।