
Lokayukt Trap: सीमांकन के नाम पर 6 हजार की रिश्वत लेते पटवारी को लोकायुक्त ने दबोचा
भिण्ड से परानिधेश भारद्वाज की रिपोर्ट
भिंड जिले में ग्वालियर लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मालनपुर थाना क्षेत्र के तुकेड़ा हल्के में पदस्थ पटवारी हिमांशु तोमर को लोकायुक्त टीम ने 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए धर दबोचा। कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया।

दरअसल प्राप्त जानकारी के मुताबिक मालनपुर थाना क्षेत्र के तुकेडा गाँव का रहने वाला किसान रामखिलाड़ी सिंह चौहान अपनी जमीन के सीमांकन को लेकर पटवारी के संपर्क में था। लेकिन सीमांकन करने के एवज में पटवारी हिमांशु तोमर ने पहले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। लेकिन किसान रिश्वत देने को तैयार नहीं था और उसने कई बार सरकारी प्रक्रिया के तहत काम करने की बात कही।
लेकिन पटवारी लगातार पैसों की मांग करता रहा। परेशान होकर किसान रामखिलाड़ी सिंह चौहान ने 15 मई 2026 को ग्वालियर लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
देखिए वीडियो: क्या कह रहे हैं, रामखिलाड़ी सिंह चौहान (फरियादी)-
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान रिश्वत मांगने की बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड किया गया, जिसमें पटवारी पैसे मांगता सुनाई दिया। शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त ने पटवारी को ट्रैप करने की योजना बनाई।
बातचीत के दौरान रिश्वत की रकम 10 हजार से घटाकर 8 हजार रुपये तय हुई और यह रकम दो किस्तों में देने की बात हुई। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता बुधवार को कैडबरी फैक्ट्री के पास आरोपी पटवारी को पहली किस्त के रूप में 6 हजार रुपये देने पहुंचा।
लोकायुक्त टीम ने पहले ही नोटों पर विशेष केमिकल लगा दिया था। जैसे ही पटवारी ने पैसे हाथ में लिए वैसे ही पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद आरोपी को मालनपुर थाने ले गए। उसके हाथ धुलवाए गए, जिसमें केमिकल रिएक्शन पॉजिटिव मिला और रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई।
इस पूरी कार्रवाई को लोकायुक्त डीएसपी विनोद कुशवाह के नेतृत्व में करीब 12 सदस्यीय टीम द्वारा अंजाम दिया गया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
देखिए वीडियो: क्या कह रहे हैं, विनोद कुशवाह (डीएसपी, लोकायुक्त ग्वालियर)-





