
Minor Dispute Turns into Murder Case : पुलिस ने महज 36 घंटे में कृष्णपाल हत्याकांड का किया खुलासा, 3 आरोपी, 2 विधि विरुद्ध बालक गिरफ्तार!
Ratlam : जिले के आलोट में धरोला मेले में हुए मामूली विवाद के बाद युवक को जबरन जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 3 आरोपियों व 2 विधि विरुद्ध बालकों को गिरफ्तार किया है। 19 मई 2026 को फरियादी श्याम सिंह (42) पिता बद्रीसिंह सोंधिया राजपूत निवासी खामरिया द्वारा थाना आलोट पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके भतीजे कृष्णपाल सिंह के साथ धरोला मेले में नाव (झूला) के अंदर थूकने की बात को लेकर आरोपियों से मामूली विवाद हुआ था।
उक्त विवाद की रंजिश रखते हुए आरोपी कुलदीप सिंह (22) पिता पुरसिंह सोंधिया निवासी मुंज, युवराज सिंह (18) पिता पुरसिंह सोंधिया राजपूत मुंज, गोविंद सिंह (24) पिता अर्जुन सिंह पंवार निवासी मुंज एवं उनके साथियों द्वारा कृष्णपाल सिंह को जबरदस्ती जहरीला पदार्थ पिलाया गया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। उपचार हेतु उसे संजीवनी हॉस्पिटल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना आलोट में अपराध क्रमांक 254/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले में एसपी अमित कुमार के निर्देश में थाना आलोट पुलिस द्वारा तत्काल विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना एवं अन्य सुरागों के आधार पर घटना में शामिल आरोपी कुलदीप सिंह, युवराज सिंह, गोविंद सिंह तथा 2 विधि विरुद्ध बालकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफतार करते हुए घटना में प्रयुक्त जहरीले पदार्थ एवं अन्य तथ्यों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।आरोपियों को पकड़ने में थाना प्रभारी आलोट मुनेन्द्र गौतम एवं थाना आलोट के समस्त स्टाफ की सराहनीय भूमिका रहीं!





