
श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव!
Ratlam : शहर की सुनार बावड़ी स्थित राधा कृष्ण मंदिर में 17 मई से 23 मई तक आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव के अंतर्गत 21 मई को भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। यह धार्मिक आयोजन शांति बाई स्वर्गीय बंशीलाल मोठसरा परिवार द्वारा आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वर्गीय बंशीलाल के सुपुत्र योगेश मोठसरा एवं जगदीश मोठसरा परिवार सहित उपस्थित रहें और श्रद्धापूर्वक कथा श्रवण किया।

भगवताचार्य पंडित गगन दुबे के मुखारविंद से भगवान श्रीकृष्ण जन्म की दिव्य महिमा, भक्तिमय प्रसंग, वामन अवतार की अलौकिक कथा एवं छप्पन भोग की आध्यात्मिक महत्ता का सुंदर वर्णन किया गया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए।

भागवताचार्य पंडित दुबे जी ने अपने प्रवचन में कहा कि भगवान के प्रत्येक अवतार धर्म, सत्य एवं मानव कल्याण का संदेश देते हैं। वामन अवतार के माध्यम से भगवान ने अहंकार का नाश कर भक्ति, विनम्रता और समर्पण की महिमा को स्थापित किया। इस पावन अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग अर्पित किया गया तथा महाआरती एवं भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुए। जन्मोत्सव के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय भजनों, जयघोष और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से गूंज उठा। कथा एवं जन्मोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया!





