डेढ़ एकड़ जमीन के लिए खूनी संग्राम: एक ही कुनबे में चली तलवारें, 2 की मौत, 9 घायल

102

डेढ़ एकड़ जमीन के लिए खूनी संग्राम: एक ही कुनबे में चली तलवारें, 2 की मौत, 9 घायल

खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बिलखेड़ गांव में डेढ़ एकड़ जमीन को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच ऐसा खूनी संघर्ष हुआ कि पूरा गांव दहल उठा। पत्थर, लाठियां, तलवार और कुल्हाड़ियों से हुए हमले में 40 वर्षीय अड़ता जमरे और उसके भाई मुकेश की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो बच्चों समेत 9 लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना शनिवार शाम की है, जब वर्षों पुराने जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को डायल-112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

भीकनगांव के एसडीओपी राकेश आर्य ने बताया कि एक पक्ष की शिकायत पर 10 महिला-पुरुषों के खिलाफ हत्या और बलवा का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, करीब 25 वर्ष पहले छोटिया नामक व्यक्ति ने पंचायत के माध्यम से अपने दो पुत्रों बच्चू और पूसलिया के बीच 30 एकड़ जमीन का बंटवारा कर दिया था। समय के साथ दोनों परिवारों में चार-चार पुत्र हुए और जमीन को लेकर विवाद गहराता चला गया।

बताया जा रहा है कि पूसलिया बचपन में जंगल में मिला था, जिसे छोटिया ने पाल-पोसकर बड़ा किया था। बावजूद इसके, पूसलिया जमीन के बंटवारे से संतुष्ट नहीं था और वह अतिरिक्त डेढ़ एकड़ जमीन की मांग कर रहा था। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।

शनिवार शाम विवाद अचानक हिंसा में बदल गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसके बाद लाठियां, तलवार और धारदार हथियार निकल आए। संघर्ष में कई लोग लहूलुहान हो गए। घटना में 40 वर्षीय अड़ता तक की मौत हो गई थी. रविवार को उसके भाई मुकेश को जिला अस्पताल से रेफर किया गया लेकिन खरगोन के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.

जिला अस्पताल में भर्ती घायल अर्जुन ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष ने जमीन पर कब्जे को लेकर उन पर तलवार, कुल्हाड़ी, पत्थर और लाठियों से हमला कर दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इस मामले में अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है.