CM हेल्पलाईन में अरुचि, 3 निकायों के CMO निलंबित

181
Suspend

CM हेल्पलाईन में अरुचि, 3 निकायों के CMO निलंबित

भोपाल : नगरीय निकायों के जनहितैषी कामों में लापरवाही, सीएम हेल्पलाईन में आने वाली शिकायतों के निराकरण में रुचि नहीं लेने और महत्वपूर्ण बैठकों से बिना बताए अनुपस्थित रहने वाले तीन निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।

दतिया जिले के नगर परिषद बड़ौनी में पदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत राठौर हितग्राही मूलक योजनाओं में रुचि नहीं ले रहे थे। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के कार्यो में अपेक्षा अनुरुप प्रगति प्रदर्शित नही कर पाए थे और सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतों के निराकरण में बी ग्रेड उन्हें मिला था। राठौर की कार्यप्रणाली यथा योग्य नहीं थी और वे विभागीय साप्ताहिक वीडियो कांफ्रेंसिंग में भी बिना बताए अनधिकृत रुप अनुपस्थित थे। इसके लिए उन्होंने किसी से अनुमति भी नहीं ली थी। शासकीय कार्यो में लापरवाही, कर्त्तव्य निवर्हन में उदासीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना के लिए उन्हें निलंबित कर दिया गया है।

उन्हें ग्वालियर-चंबल संभाग में अटैच किया गया है और जीवन निर्वाह भत्ता निलंबन अवधि में दिया जाएगा।

इसी तरह दतिया जिले के नगर परिषद भांडेर के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी हनुमंत भदौरिया ने अमृत 2.0 योजना में ठेकेदार को आज तक स्वीकृति पत्र ही जारी नहीं किया है। इसके चलते उन्हें निलंबित किया गया है।

श्योपुर जिले के विजयपुर नगर परिषद के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनोज शर्मा विभागीय वीडियो कांफ्रेसिंग में गायब रहते है। सीएम हेल्पलाईन में दूषित पेयजल की शिकायतें उनके पास से एल चार पर पहुंच गई थी फिर भी उन्होंने इसका निराकरण नहीं किया। स्वच्छ पेयजल अभियान के क्रियान्वयन में भी वे रुचि नही ले रहे थे। इसलिए उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया गया है।