सरकारी शिक्षकों को लोन दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी,आरोपी गिरफ्तार

40

सरकारी शिक्षकों को लोन दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी,आरोपी गिरफ्तार

विनोद काशिव की रिपोर्ट 

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में सरकारी शिक्षकों को लोन दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले आरोपी को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

आरोपी शिव शंकर दास ने बलरामपुर जिले के राजपुर, शंकरगढ़ और कुसमी इलाके के करीब 200 शिक्षकों को निशाना बनाया था। धौरपुर निवासी आरोपी ने पहले शिक्षकों से जान-पहचान बढ़ाई और खुद को NGO चलाने वाला कारोबारी बताया। उसने शिक्षकों को 40 से 80 लाख तक का लोन अलग-अलग बैंकों से स्वीकृत कराने का झांसा दिया। शर्त रखी कि लोन का 60% हिस्सा वह खुद रखेगा और 40% शिक्षकों को देगा, लेकिन 100% लोन की किश्त वह खुद भरेगा।

शुरुआत में कुछ शिक्षकों की किश्त जमा कर भरोसा जीता, फिर बाकी शिक्षक भी झांसे में आ गए। इसके बाद आरोपी ने किश्त जमा करने से इनकार कर दिया। तब शिक्षकों को ठगी का एहसास हुआ।

गिरफ्तारी की खबर मिलते ही पीड़ित शिक्षक गांधीनगर थाना पहुंचे और आवेदन दिया। इस दौरान आरोपी की महिला रिश्तेदार ने दावा किया कि धौरपुर के पास भिलाई में NGO चलता है और ठगी का पैसा पेट्रोल पंप व क्रेशर में लगाया गया है। उसने पैसे लौटाने की बात कही तो शिक्षक भड़क गए और हाथापाई हो गई।

पुलिस का मानना है कि आने वाले दिनों में और भी पीड़ित शिक्षक शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जांच जारी है।