ACB Trap: सुशासन तिहार समाधान शिविर में मचा हड़कंप, 40 हजार रुपये की घूस लेते बाबू रंगे हाथों गिरफ्तार

35

ACB Trap: सुशासन तिहार समाधान शिविर में मचा हड़कंप, 40 हजार रुपये की घूस लेते बाबू रंगे हाथों गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने लोगों की समस्याएं सुलझाने के लिए लगाए गए सुशासन तिहार समाधान शिविर में एक बाबू को ₹40000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के तुमान में जनता की समस्याएं सुलझाने के लिए सुशासन तिहार समाधान शिविर लगाया गया था। इसी सरकारी शिविर में बिलासपुर ACB की टीम ने अचानक दबिश देकर सहायक ग्रेड-2 के बाबू प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथों दबोच लिया।

शिविर में मौजूद लोग यह देखकर सन्न रह गए। हड़कंप मच गया पूरी कार्रवाई बिलासपुर ACB के डीएसपी अजीत सिंह के नेतृत्व में हुई।

दरअसल, एक सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल अपने किसी काम को कराने के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहे थे। बाबू प्रदीप मिश्रा ने इस काम के बदले 40 हजार रुपये की मांग की थी। शिक्षक घूस नहीं देना चाहते थे। उन्होंने इसकी शिकायत सीधे ACB से कर दी। टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही समाधान शिविर के भीतर पैसों का लेन-देन हुआ, टीम ने बाबू को दबोच लिया। आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

आरोपी बाबू के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।