
“खूब पढ़ो और आगे बढ़ो” : कामती की रात्रि चौपाल में दिखा बच्चों के प्रति कलेक्टर का संवेदनशील नेतृत्व
*संभागीय ब्यूरो चीफ चंद्रकांत अग्रवाल की रिपोर्ट*
नर्मदापुरम। “प्रशासन आपके द्वार” अभियान अंतर्गत विकासखंड सोहागपुर के दूरस्थ ग्रामीण अंचल कामती में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा का संवेदनशील एवं प्रेरणादायी नेतृत्व देखने को मिला। जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनने एवं उनके निराकरण के निर्देश देने के साथ ही कलेक्टर ने वहां उपस्थित बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। रात्रि चौपाल के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा की नजर वहां बैठे कुछ बच्चों पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने सभी बच्चों को अपने पास बुलाया और उनसे आत्मीय बातचीत की। बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कलेक्टर ने उन्हें किताबें एवं चॉकलेट भेंट कीं। इस दौरान उन्होंने बच्चों से सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे तथा उनका आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रयास किया।

अपने बीच कलेक्टर को पाकर बच्चे भी काफी उत्साहित नजर आए और उन्होंने प्रतिस्पर्धा के अंदाज में सभी प्रश्नों के उत्तर उत्साहपूर्वक दिए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ बच्चों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगे बढ़ने हेतु आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएं, ताकि ग्रामीण अंचल के प्रतिभाशाली बच्चे बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।







