Lokayukta Trap: नापतौल निरीक्षक ने मांगी 50 हजार रुपए रिश्वत, 27500 की दूसरी किश्त लेते रंगे हाथों पकड़े गए 

179

Lokayukta Trap: नापतौल निरीक्षक ने मांगी 50 हजार रुपए रिश्वत, 27500 की दूसरी किश्त लेते रंगे हाथों पकड़े गए 

भिण्ड से परानिधेश भारद्वाज की रिपोर्ट

भिंड: ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भिंड में पदस्थ नापतौल निरीक्षक सौरभ शर्मा को 27500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के निर्देशन में की गई।

आरोपी नापतौल निरीक्षक ने कुल 50 हजार रूपये की रिश्वत पेट्रोल पंप संचालक से मांगी थी। जिसकी 22500 की एक क़िस्त वह ले चुका था जबकि दूसरी क़िस्त लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

जानकारी के अनुसार भिण्ड जिले के पुर गांव के रहने वाले आवेदक तेजनारायण सिंह पेट्रोल पंप संचालक हैं। उन्होंने 25 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त ग्वालियर को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पेट्रोल पंप की स्टाम्पिंग कराने के एवज में नापतौल निरीक्षक सौरभ शर्मा द्वारा 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।

लोकायुक्त द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए। जांच के दौरान 26 मई 2026 को आरोपी ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 22500 रुपये प्राप्त कर लिए थे। शेष 27500 रुपये सोमवार या मंगलवार को लेने की बात तय हुई थी।

योजना के तहत आज लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नापतौल निरीक्षक सौरभ शर्मा पुत्र उमेश शर्मा को उसके कार्यालय स्थित कक्ष में 27500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 संशोधित अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

*ट्रैप दल में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी:* 

उप पुलिस अधीक्षक विनोद सिंह कुशवाह, निरीक्षक बलराम सिंह राजावत, प्रधान आरक्षक जसवंत शर्मा, मनोज कुशवाहा तथा आरक्षक बलवीर, प्रमोद तोमर, विनोद शाक्य, रवि सिंह, हेमंत शर्मा, राजीव तिवारी और विशभर सिंह शामिल रहे।