
राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार के बंगले में निकला 7–8 फीट लंबा सांप, मचा हड़कंप, सर्पमित्र ने किया रेस्क्यू
छतरपुर: जिले में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब मध्य प्रदेश के राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार के छतरपुर के सौंरा रोड स्थित बंगले में एक विशालकाय सांप दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि सांप करीब 7 से 8 फीट लंबा था, जिसे देखकर परिसर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
घटना सुबह लगभग 10 बजे की बताई जा रही है। सांप की सूचना मंत्री के भतीजे धीरज अहिरवार ने सांप पकड़ने वाले सर्प मित्र आकाश को दी, जैसे ही सांप की जानकारी मिली, मौके पर सर्पमित्र आकाश सिंह राठौड़ को बुलाया गया। उन्होंने बेहद सावधानी के साथ महज कुछ ही मिनटों में सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

5 मिनट में किया रेस्क्यू, जंगल में सुरक्षित छोड़ा..
सर्पमित्र आकाश सिंह राठौड़ ने बताया कि यह सांप काफी बड़ा और ताकतवर था। उन्होंने बताया कि पूरी सतर्कता के साथ लगभग 5 मिनट के भीतर सांप को सुरक्षित पकड़ा गया और बाद में उसे दूर जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। सर्पमित्र ने यह भी कहा कि ऐसे सांप अक्सर बारिश या गर्मी के मौसम में रिहायशी इलाकों में आ जाते हैं|
“खाते-पीते घर का सांप” कहकर मजाकिया अंदाज में चर्चा..
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सर्पमित्र आकाश सिंह राठौड़ ने मजाकिया अंदाज में कहा कि “यह तो मंत्री जी के यहां का खाते-पीते घर का सांप निकला है,” जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हल्की मुस्कान भी देखने को मिली।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सांप पूरी तरह जंगली प्रजाति का था और उसे बिना किसी नुकसान के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया है।

सुरक्षा और सतर्कता की अपील..
विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात और बदलते मौसम में सांपों का रिहायशी इलाकों में निकलना आम बात है। ऐसे में लोगों को घबराने की बजाय तुरंत सर्पमित्र या वन विभाग को सूचना देनी चाहिए।
फिलहाल घटना के बाद मंत्री निवास परिसर में स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।





