
SP Inspects the Site: एसपी ने पाटीदार रजला घाटी व मोद नदी-उदयगढ़ मार्ग का किया निरीक्षण!
झाबुआ से राजेश सोनी की रिपोर्ट!
Jhabua : पारा-रानापुर मार्ग पर हाल ही में हुई बस दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार ने शुक्रवार को रजला घाटी एवं मोद नदी-उदयगढ़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। SP ने दुर्घटना स्थल का बारीकी से अवलोकन कर मार्ग की भौगोलिक परिस्थितियों एवं संभावित कारणों का आकलन किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान कहा कि दुर्घटना-प्रवण स्थलों को चिन्हित कर विशेष निगरानी रखी जाए। ऐसे स्थानों पर पुलिस बल की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें एवं आवश्यकता अनुसार चेकिंग पॉइंट स्थापित किए जाएं। मार्ग पर निरंतर एवं प्रभावी गश्त रखी जाए। गश्ती दल समय-समय पर गश्ती बिंदु बदलकर पूरे मार्ग पर सक्रिय निगरानी रखे।

असामाजिक तत्वों, संदिग्ध गतिविधियों एवं यातायात नियम उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई हो, यात्री बसों, मालवाहक वाहनों एवं सार्वजनिक परिवहन की नियमित जांच की जाए। ओवरलोडिंग, तेज गति एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बरती जाएरात्रिकालीन गश्त को और सुदृढ़ किया जाए। मोटरसायकल पुलिस पार्टी मय रायफल के संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त करे। आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाए, वाहन चालकों को गति सीमा पालन, ओवरलोडिंग से बचने एवं सावधानीपूर्वक वाहन चलाने हेतु जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि झाबुआ पुलिस आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। संवेदनशील मार्गों पर सतत निगरानी, प्रभावी गश्त, सघन चेकिंग एवं आवश्यक सुरक्षा उपाय निरंतर जारी रहेंगे, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, निर्बाध एवं सुगम आवागमन उपलब्ध हो सके!





