रतलाम में माहेश्वरी समाज का छह दिवसीय महोत्सव 18 जून से भव्य शोभायात्रा में होंगे हाथी घोड़े, ढोल-ताशों से गूंजेगा शहर!

141

रतलाम में माहेश्वरी समाज का छह दिवसीय महोत्सव 18 जून से भव्य शोभायात्रा में होंगे हाथी घोड़े, ढोल-ताशों से गूंजेगा शहर!

 

Ratlam : माहेश्वरी समाज के आराध्य भगवान महेश (भगवान शिव) के वंशज माने जाने वाले 72 खांपों के माहेश्वरी समाज का वंशोत्पत्ति दिवस महेश नवमी इस वर्ष रतलाम में विशेष उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में 23 जून को भगवान महेश की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सुसज्जित हाथी, घोड़े, बग्गियां, ढोल-ताशे एवं बैंड दल शामिल होंगे। शोभायात्रा में समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष एवं युवा पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर भगवान महेश के जयघोष के साथ नगर भ्रमण करेंगे।

 

प्रचार मंत्री राजेश दरक ने बताया कि माहेश्वरी समाज द्वारा 18 से 23 जून तक छह दिवसीय महेश नवमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार ज्येष्ठ शुक्ल नवमी के दिन भगवान महेश की कृपा से माहेश्वरी समाज के 72 मूल खांपों की उत्पत्ति हुई थी। इसी कारण महेश नवमी को समाज का वंशोत्पत्ति दिवस माना जाता है और यह समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कार एवं एकता का प्रतीक पर्व है।

उन्होंने बताया कि समाज के संरक्षक माधवदास काकानी एवं शैलेन्द्र डागा तथा अध्यक्ष डॉ. बीएल तापड़िया के मार्गदर्शन में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक इकाइयों द्वारा अनेक आयोजन किए जाएंगे। माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ, महिला प्रगति मंडल द्वारा कैंसर जागरूकता संगोष्ठी, माहेश्वरी सेवा संगठन द्वारा स्वास्थ्य एवं सेवा गतिविधियां,माहेश्वरी कपल क्लब द्वारा क्विज गेम प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा माहेश्वरी युवा संगठन द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।

 

इसके अलावा श्री रामबाग हनुमान मंदिर समिति द्वारा वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं समाज के विभिन्न संगठनों के सहयोग से आयोजित महेश मेला में व्यंजन स्टॉल, खेल, मनोरंजक गतिविधियां एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। समाज सचिव सुनिल लाठी ने बताया महोत्सव का मुख्य आयोजन 23 जून को होगा। प्रातः भगवान महेश की भव्य शोभायात्रा के पश्चात महेश सभा आयोजित की जाएगी। सभा में चित्तौड़गढ़ के वरिष्ठ समाजसेवी प्रदीपजी लढ़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सीए गोपालजी काकानी करेंगे। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, महिला एवं युवा संगठन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहेंगे। प्रचार मंत्री राजेश दरक ने बताया कि महेश नवमी महोत्सव समाज की 72 खांपों की गौरवशाली विरासत, सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता का उत्सव है। उन्होंने सभी समाजबंधुओं से परिवार सहित अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रमों में सहभागी बनकर महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया!