Bhopal News: कैंसर मरीजों को मिलेगी राहत,हमीदिया अस्पताल में 25 करोड़ से आएंगी नई मशीन

टेंडर हुए, वर्क आर्डर के बाद 9 माह में मिलेगा इलाज

11

Bhopal News: कैंसर मरीजों को मिलेगी राहत,हमीदिया अस्पताल में 25 करोड़ से आएंगी नई मशीन

 

भोपाल। हमीदिया अस्पताल मं कैंसर क्लीनिक की तैयारी राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल हमीदिया (जीएमसी) में पिछले लंबे समय से रेडिएशन (सिकाई) की सुविधा न होने से परेशान कैंसर मरीजों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। जीएमसी के लिए अत्याधुनिक डुअल लीनेक मशीन का आर्डर जल्द ही जारी कर दिया जाएगा।

अस्पताल में रेडिएशन के लिए ‘बंकर’ (विशेष कमरा) बनकर तैयार है। यह तीन मीटर मोटी कंक्रीट की दीवारों से बना है। दरअसल अस्पताल के पास एक पुराने प्रोजेक्ट (रेस्पिरेट्री इंस्टीट्यूट) का बजट रखा हुआ है, जो एनओसी न मिलने के कारण अटका था। अब सरकार उसी बजट का इस्तेमाल इस 25 करोड़ की मशीन को खरीदने में करेगी। आने वाली नई मशीन इतनी आधुनिक है कि यह शरीर के स्वस्थ अंगों को नुकसान पहुंचाए बिना सीधे कैंसर वाली जगह पर ही प्रहार करेगी।

*0 हर माह 1500 मरीज*

फिलहाल हमीदिया अस्पताल में हर महीने करीब 1500 कैंसर मरीज उम्मीद लेकर आते हैं, लेकिन अस्पताल की पुरानी मशीनें खराब होने के कारण उन्हें सिर्फ सलाह देकर लौटा दिया जाता है। मजबूरी में इन मरीजों को एम्स भोपाल जाना पड़ता है जहां लंबी वेटिंग है, या फिर निजी अस्पतालों में 1.5 से दो लाख रुपए खर्च करने पड़ते हैं। गरीब परिवारों के लिए यह खर्च उठाना नामुमकिन सा था।

*0 कैंसर मरीजों को ये होगा फायदा*

निजी अस्पतालों में होने वाला लाखों का खर्च बचेगा।

25 करोड़ की मशीन से सिकाई अधिक प्रभावी और सुरक्षित होगी।

अब सर्जरी के बाद रेडिएशन के लिए दूसरे अस्पताल नहीं दौड़ना पड़ेगा।

मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्रों को भी आधुनिक मशीनों पर सीखने का मौका मिलेगा।