
Major IAS Reshuffle: CM डॉ यादव की रोबोटिक सर्जरी से प्रशासनिक गलियारों में सनसनी….
आशीष दुबे की खास रिपोर्ट
भोपाल। राज्य सरकार द्वारा बीती रात 29 आईएएस अफसरों के तबादले जितने महत्वपूर्ण हैं,उससे कहीं ज्यादा अहम बड़े अफसरों के प्रभारों में परिवर्तन का फैसला है। इस तरह के बदलाव के कई संकेत है और प्रशासनिक गलियारों में इसके संदेश पढ़ने की कोशिश की जा रही है। इस प्रशासनिक सर्जरी को मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने रोबोटिक सर्जरी के अंदाज में अंजाम दिया है, ताकि न तो ज्यादा चीरफाड़ करना पड़े और न ही ‘खून’निकले। इसीलिए तबादला सूची के आखिर में प्रभार लेने और देने के ‘ जिक्र ‘ ने अफसरो की लॉबिंग को तगड़ा झटका दिया है।
मप्र में पर्यावरण कानूनों की अनदेखी और उल्लंघन के मामले में अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल को जिस तरह ‘हटाया’गया, वह रोबोटिक सर्जरी जैसा ही रहा। इस तरह उल्लंघन और मनमाने फैसले लेने के चलते बर्णवाल बहुत विवादित होने लगे थे। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने इस तरह से मुख्य सचिव अनुराग जैन के करीबी माने जाने वाले अफसरों को भी जता दिया है कि उनकी नजरों से कुछ छिपा नहीं है और एक सीमा के बाद वे कठोर फैसले लेने में नहीं हिचकेंगे। बर्णवाल से पर्यावरण,पर्यावरण आयुक्त व एप्को का जिम्मा वापस लेकर नियमों के पाबंद अनिरुद्ध मुकर्जी को दिया गया है। इसका भी संकेत साफ है कि ऐसे नाजुक विषयों पर सरकार नियमों व कायदों का पूरा पालन करेगी व कराएगी। हालांकि मुकर्जी अभी राजस्व मंडल के भी अध्यक्ष हैं। इसी तरह बर्णवाल का कृषि उत्पादन आयुक्त वाला जिम्मा कुटीर ग्रामोद्योग विभाग के एसीएस केसी गुप्ता को दे दिया गया है। अब बर्णवाल के पास स्वास्थ्य,चिकित्सा शिक्षा व भोपाल गैस त्रासदी राहत विभाग रहेगा।
सूत्रों की मानें तो इस तबादला सूची को लेकर सीएम सचिवालय में पदस्थ एसीएस नीरज मंडलोई ने भी मुख्यमंत्री और मुख्यसचिव के बीच पूरा समन्वय बनाने में खास रोल निभाया है।
गौरतलब है कि राज्य शासन ने कर्मचारियों का तबादला सीजन खत्म होते ही 29 आईएएस अफसरों को कल रात बदला है। इसमें दो संभाग आयुक्त भी शामिल हैं। कर्मवीर शर्मा को अब भोपाल का नया संभाग आयुक्त बनाया गया है, जबकि रीवा संभाग आयुक्त बीएस जामोद को भोपाल वापस बुलाकर सचिव नगरीय प्रशासन नियुक्त किया है। सूत्रों की मानें तो राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव विवेक पोरवाल को मंत्री से पटरी नहीं बैठने पर खनिज विभाग में भेजा गया है। जबकि प्रमुख सचिव स्तर को अफसर मुकेश चंद्र गुप्ता और ई.रमेश कुमार के भी विभाग बदले गये हैं। यह तबादला सूची करीब एक महीने से प्रतीक्षित थी और मामूली बदलाव के साथ इसे जारी किया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अभी भी कम से कम एक संभागायुक्त और तीन प्रमुख सचिव स्तर के अफसरों को बदला जा सकता है।
बुधवार रात जारी सूची में सचिव मानवाधिकार आयोग व सदस्य राजस्व मंडल मुकेश चंद्र गुप्ता अब प्रमुख सचिव जेल व सदस्य राजस्व मंडल बनाए गए हैं, जबकि ई रमेश कुमार को अजा,पिछड़ा व अल्पसंख्यक कल्याण व विमुक्त-घुमंतू जनजाति विभाग से बतौर प्रमुख सचिव राजस्व व राहत पुनर्वास आयुक्त तथा पिछड़ा व अल्पसंख्यक कल्याण व विमुक्त-घुमंतु जनजाति विभाग दिया गया है। विवेक पोरवाल प्रमुख सचिव राजस्व व राहत आयुक्त को खनिज विभाग दिया गया है। बताया जाता है कि हाल में राजस्व विभाग की तबादला सूची जारी होने में विलंब के साथ ही मंत्री करण सिंह वर्मा से पटरी नहीं बैठ पाना भी इस बदलाव का कारण रहा है। यद्यपि पोरवाल को खनिज जैसा महत्वपूर्ण विभाग भी मिला है।
इसी तरह भोपाल के संभाग आयुक्त संजीव सिंह को अब खेल व युवा कल्याण विभाग में सचिव पदस्थ किया गया है, उनके स्थान पर सचिव खाद्य नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण कर्मवीर शर्मा को भोपाल कमिश्नर बनाया गया है। शीलेंद्र सिंह को नगरीय विकास विभाग से रीवा संभाग का आयुक्त नियुक्त किया गया है। दीपक सिंह को सचिव राज्य निर्वाचन आयोग से बुलाकर आयुक्त व पंजीयक सहकारी संस्थाएं तथा आलोक कुमार सिंह को मुख्यमंत्री सचिवालय व खनिज विभाग से मुक्त करके महानिरीक्षक पंजीयक व अधीक्षक मुद्रंक पदस्थ किया गया है। अमित तोमर अब महानिरीक्षक पंजीयन से प्रबंध संचालक ऊर्जा विकास निगम और आयुक्त नवकरणीय ऊर्जा,सतेंद्र सिंह संचालक आदिम जाति क्षेत्रीय विकास योजनाएं, व एमडी रोजगार निर्माण परिषद से आयुक्त पिछड़ा वर्ग,अजा विकास तथा एमडी अजा वित्त विकास निगम होंगे। भास्कर लक्षकार अब आयुक्त कोष व लेखा से आयुक्त खाद्य नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण तथा इसी विभाग के सचिव भी होंगे।
इसी तरह सौरव कुमार सुमन को उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण आयुक्त-सह-संचालक, नेहा मारव्या सिंह को आदिम जाति क्षेत्रीय विकास योजनाएं एवं एमएपीसीईटी का संचालक, मनोज पुष्प को लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संचालक तथा प्रीति जैन को संयुक्त आयुक्त (लिटिगेशन एवं समन्वय) इंदौर बनाया गया है। रोहित सिंह अब पाठ्य पुस्तक निगम के प्रबंध संचालक, हर्षिका सिंह संचालक बजट, भारती जाटव ओगरे ल शिक्षा विभाग में अपर सचिव तथा अमनबीर सिंह बैंस आयुक्त कोष एवं लेखा की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इनके अलावा कैलाश वानखेड़े अपर सचिव ऊर्जा , अमर बहादुर सिंह जनजातीय कार्य विभाग में अपर सचिव, पवन कुमार जैन सहकारिता उप सचिव, रानी बाटड़ श्रम विभाग में उप सचिव, विनय निगम पाठ्य पुस्तक निगम से राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सीईओ, मंजूषा विक्रांत राय को पशुपालन एवं डेयरी उप सचिव, शैली कनाश माध्यमिक शिक्षा मंडल इंदौर की संभागीय सचिव तथा अरविंद कुमार शाह को आयुष्मान भारत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
अतिरिक्त प्रभार: इसके अलावा गुलशन बामरा प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य को अजा कल्याण विभाग, सोनिया मीणा अपर सचिव वित्त को संस्थागत वित्त का काम भी दिया गया है। जबकि मनीष सिंह आयुक्त जनसंपर्क व सचिव परिवहन अब जेल विभाग के दायित्व से मुक्त होंगे। एसीएस मनु श्रीवास्तव आयुक्त नवीन व नवकरणीय ऊर्जा से तथा अरविंद दुबे आयुक्त उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण के प्रभार से मुक्त होंगे। प्रमुख सचिव मनीष सिंह खेल व युवा कल्याण विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किये गये हैं।





