
गजा में इजरायली हमले में अल जजीरा के कैमरामैन समेत 6 की मौत
ग़ज़ा में इसराइली हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हुई है, जिनमें अल जज़ीरा के एक कैमरामैन और कम से कम एक बच्चा शामिल है. यह जानकारी स्वास्थ्य अधिकारियों और बचावकर्मियों ने दी है.
अल जज़ीरा ने कहा कि वह अपने संवाददाता अहमद विशाह की ‘हत्या के जघन्य अपराध की कड़ी निंदा’ करता है. अहमद विशाह शनिवार को मध्य ग़ज़ा के एक घर पर हुए हमले में मारे गए.
अल जज़ीरा ने यह भी कहा कि अहमद विशाह की मौत ‘अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों और मानकों का स्पष्ट उल्लंघन है और यह पत्रकारों को निशाना बनाने और सच की आवाज़ को दबाने की लगातार जारी एक व्यवस्थित नीति को दर्शाता है.’
वहीं, इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्स (आईडीएफ़) ने आरोप लगाते हुए अहमद विशाह को ‘हमास की सैन्य शाखा से जुड़ा आतंकी’ बताया और कहा कि वह ‘स्नाइपर ऑपरेटिव के रूप में काम कर रहे थे.’
हालांकि, इसराइली सेना ने इस दावे के समर्थन में कोई सबूत सार्वजनिक नहीं किया.
ग़ज़ा के हमास-नियंत्रित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ पिछले अक्तूबर में इसराइल और हमास के बीच लागू हुए युद्धविराम के बाद से इसराइली सेना की कार्रवाई में 1,007 लोगों की मौत हो चुकी है.
ग़ज़ा के हमास-नियंत्रित स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों को संयुक्त राष्ट्र भरोसेमंद मानता है.





